
-कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने आज बाढ़ प्रभावित नयापुरा हरिजन बस्ती एवम् कुन्हाड़ी बापू बस्ती सहित जलभराव क्षेत्रो का दौरा कर वहाँ के हाल देखे व स्थानीय लोगों से चर्चा की साथ ही उन्हे हर सम्भव मदद का भरोसा दिलाया।
दौरे के दौरान जल प्लावन से प्रभावित लोगों ने भी गुंजल से सरकार व प्रशासन से समय रहते मदद नही मिलने की शिकायत की। इस पर गुंजल ने जिला प्रशासन से बात कर उचित मदद दिलवाने का आश्वासन दिया। गुंजल ने कहा कि कई बस्तियां जलमग्न हो गई है। समूचे शहर में पेयजल आपूर्ति गड़बड़ा गई है। सरकार एवं प्रशासन लाचार व पंगु साबित हो रहे हैं। शहरवासी अपनी व्यवस्था स्वंय करने को मजबूर है ।
गुंजल ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि समय रहते बाढ़ प्रभावित लोगों की समुचित व्यवस्था करे एवं बाढ़ प्रभावित लोगों का वास्तविक सर्वे कर उचित मुआवजा दिलाया जाये। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व की भांति मुआवजा राशि देने में बंदरबाट की गई तो उसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस बीच एक पार्षद ने प्रशासनिक व्यवस्थाएं नाकाफी होने का आरोप लगाते हुये दावा किया कि बाढ़ प्रभावितों को गुरुद्वारा कमेटी भोजन उपलब्ध करा रही है। पार्षद बलविंदर सिंह बिल्लू ने कहा कि प्रशासन ने जलभराव वाली निचली बस्तियों को खाली तो करवा दिया गया पर उन लोगों के रहने व खाने सहित अन्य व्यवस्थाएं कराने में प्रशासन विफल हो गया। उन्होंने कहा कि नदी पार क्षेत्र की बापू बस्ती सहित विभिन्न बस्तियों के लोग कई स्थानों पर ठहरे हुये है, प्रशासन उनकी कोई व्यवस्था नहीं कर पा रहा है। बाढ़ प्रभावित लोगों को गुरुद्वारा कमेटी ने लंगर चलाकर दोनों समय का भोजन व अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई हैं। पार्षद बलविंदर सिंह बिल्लू ने टैंकर लगाकर प्रभावित लोगों को पीने का पानी उपलब्ध करवाया है।