-कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा। देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ भारत के स्वर्णिम इतिहास का जश्न एवं राष्ट्रीय त्योहार को मनाने के लिए,आज़ादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों की श्रंखला आयोजित की जा रही है। आगामी 13 अगस्त से 15 अगस्त के बीच “हर घर तिरंगा” अभियान के प्रति रेल कर्मचारियों में भारी उत्साह नजर आ रहा है। संपूर्ण पश्चिम मध्य रेलवे में हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भोपाल, जबलपुर एवं कोटा तीनों मंडलों के रेल कर्मचारियों एवं रेल अधिकारियों को तिरंगे झंडे वितरित किए जा रहे हैं । रेल परिसरों में सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। साथ ही रेलगाड़ियों के इंजनों पर, बुकिंग कार्यालयों, आरक्षण कार्यालयों, प्लेटफार्म, तथा अन्य रेल परिसर में स्टीकर लगाए जाएंगे । मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि 13 अगस्त से से लेकर 17 अगस्त तक पश्चिम मध्य रेलवे में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा अपने घरों-कार्यालय परिसर में तिरंगा झंडा फहराया जायेगा और स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा फहराने के लिए लोगों को जागरूक किया जायेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे न केवल नागरिकों को ध्वज से व्यक्तिगत रूप से जुड़ने में मदद मिलेगी बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान भी बढ़ेगा। रेल प्रशासन की अोर से रेल यात्रियों से भी फेसबुक,टि्वटर और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट पर भी तिरंगा प्रदर्शित करने का अनुरोध किया जा रहा है।
जबलपुर मंडल में 19 हजार तिरंगे खरीदे
जबलपुर मंडल के सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों के बीच काफी उत्साह देखा जा रहा है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा झंडा फहराने की व्यापक तैयारी की जा रही है। इस संबंध में डीआरएम संजय विश्वास ने जबलपुर रेल मंडल के सभी विभागों के शाखा अधिकारियों को उनके विभाग के कर्मचारियों की संख्या के हिसाब से झंडों का वितरण करने के निर्देश दिए हैं।इस संबंध में रेल प्रशासन ने परिपत्र निकालकर सभी कर्मचारियों को झंडे अपने निवास पर लगाने का निर्देश दिया है । कर्मचारियों को संख्या को देखते हुए 19 हजार तिरंगे झंडे खरीदे गए हैं जिसे कर्मचारियों के बीच बांटने की कार्यवाही तेज गति से निरंतर चल रही है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अनुरोध किया है कि वे इस अमृत महोत्सव पर अपने घरों पर तिरंगा झंडा लहरा कर राष्ट्रीय की आन-बान-शान में प्रतिभागी बने।
भोपाल मंडल में निकाली सद्भावना तिरंगा रैली
भोपाल मण्डल रेल प्रबंधक सौरभ बंदोपाध्याय के नेतृत्व में पूरे मण्डल में इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए भोपाल स्टेशन पर सद्भावना तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें सभी वर्गों के लोग शामिल थे। आपसी भाईचारा बनाये रखने के प्रति संदेश देने के लिए स्टेशन से यह सद्भावना रैली निकाली गई ।
साथ ही विभिन्न गतिविधियों के द्वारा हर घर तिरंगा फहराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है जिसके तहत मण्डल के प्रमुख स्टेशनों पर बैनर, पोस्टर, स्टेण्डी, क्यूआर कोड स्टिकर प्रदर्शित प्रदर्शित किए गए हैं। भोपाल एवं रानी कमलापति स्टेशन तथा मण्डल कार्यालय में क्यूआर कोड आधारित सेल्फी पॉइंट बनाये गए हैं, जहां पर लोग बड़े ही उत्साहपूर्वक सेल्फी ले रहे हैं। मण्डल के सभी रेलकर्मियों के घरों में तिरंगा फहराने के लिए उन्हें तिरंगे का वितरण किया जा रहा है।
कोटा मंडल के अधिकारियों-कर्मचारियों ने दिया ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश
कोटा मण्डल रेल प्रबंधक पंकज शर्मा के मार्गदर्शन में मण्डल में विभिन्न गतिविधियां आयोजित करके आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। सेल्फी प्वाइंट लगाए गए हैं, स्टीकर भी प्रदर्शित किए जाएंगे । साथ ही सभी रेलकर्मियों, रेल अधिकारियों के अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाकर सेल्फी अपलोड की जाएगी।