-कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल की अगुवाई में राजस्थान के कोटा में 14 अगस्त को तिरंगा रैली निकाली गई। आजादी की 75वीं वर्षगाँठ की पूर्व संध्या पर कोटा में नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल के नेतृत्व में रविवार को कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुई इस तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर उमड़े और भारत माता की जय, वंदे मातरम के जयकारे लगाते रैली में शामिल होते रहे। गुमानपुरा कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गो से होती हुई नयापुरा पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में धारीवाल खुली जीप में हाथों में तिरंगा लिए भारत माता का जयघोष करते हुए कार्यकर्ताओं में देशभक्ति का जोश आगे बढ़ाते हुए आगे बढ़ते देखे गये। तिरंगा रैली जिस-जिस मार्ग से भी गुजरी, व्यापारियों ने भी तिरंगा रैली में शामिल होकर भारत माता की जय,वंदेमातरम के जयकारे लगाए जिससे माहौल देश भक्ति से लबरेज नजर आया। तिरंगा रैली में भारत माता की झांकी आकर्षण का केंद्र रही, वही लोक कलाकारों ने भी तिरंगा रैली के दौरान देश भक्ति गीतों पर अद्भुत प्रस्तुति देकर माहौल में देशभक्ति की सरिता बहा दी। तिरंगा रैली में देशभक्ति के तराने के साथ ढोल-नगाड़ों की गूंज देखते ही बन रही थी।
तिरंगा रैली के दौरान नयापुरा सहित मार्गों पर आतिशबाजी कर हर्षोल्लास के साथ 75वे स्वाधीनता दिवस मनाया। तिरंगा रैली में कांग्रेस नेता अमित धारीवाल,राजस्थान खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता, कांग्रेस जिलाअध्यक्ष रविंद्र त्यागी पूर्व जिला अध्यक्ष गोविंद शर्मा,पीसीसी सदस्य शिवकांत नंदवाना, डॉ जफर मोहम्मद, हाडोती विकास मोर्चा के संयोजक राजेंद्र सांखला, महापौर राजीव भारती, उपमहापौर पवन मीणा, सोनू कुरेशी सहित कांग्रेस पार्षद, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके पहले तीन दिवसीय प्रवास पर रविवार को कोटा पहुंचे धारीवाल का नयापुरा में सिविल लाइंस आवास पर पुलिस अधीक्षक (शहर) केसर सिंह शेखावत के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने मुलाकात कर 75वे स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं दी। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण जैन, राजेश मील सहित सभी उप अधीक्षक एवं विभिन्न थानों के थानाधिकारी मौजूद रहे। धारीवाल ने विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों एवं आमजन से मुलाकात की। कलाल समाज के नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत कर शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व कोटा में दाखिल होते ही कुन्हाड़ी चौराहे पर ऑल इंडिया दिव्यांग एसोसिएशन की ओर से 75वें स्वाधीनता दिवस के मौके पर आयोजित तिरंगा रैली को उन्होंने रवाना किया। इस दौरान धारीवाल का एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने साफा पहनाकर स्वागत किया।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने रैली निकाली
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत पूरे शहर में तिरंगा रैली व अन्य आयोजन किए जा रहे हैं, ऐसे में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने भी कई स्थानों पर तिरंगा रैली निकालकर आजादी के लडाई में वीर गति को प्राप्त हुए ऐसे वीरों को नमन किया। मोर्चा ने डीसीएम गोविंद नगर क्षेत्र में मुन्ना खान जिला महामंत्री के नेतृत्व में रैली निकाली जिसमें सभी हाथों में तिरंगा लिए, भारत माता के जयघोष लगाते हुए चल रहे थे। कार्यक्रम के मुुख्य अतिथि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा कोटा शहर के जिलाध्यक्ष साहिल मिर्जा रहे। इस दौरान मिर्जा ने कहा कि देश की आजादी में हजारों लोगों ने अपना बलिदान दिया है, हम सभी को उन्हें नमन करना चाहिए साथ ही राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्ती भूमिका निभानी चाहिए। साहिल मिर्जा ने कहा कि हर वर्ग को आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अपने घरों पर तिरंगा फहराना चाहिए। वहीं विज्ञान नगर मंडल में जिला मंत्री सलमान खान के नेतृत्व में तिरंगों का वितरण किया गया। इस अवसर पर मोहसिन खान, रेहान खान, आसिफ हुसैन, अनमोल हवेलीकर, पंकज सिंह राजपूत एवं कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मॉर्निंग क्लब शिवाजी पार्क में आजादी के अमृत महोत्सव का जश्न
मॉर्निंग क्लब शिवाजी पार्क मैं आजादी के अमृत महोत्सव का जश्न पार्क में तिरंगा रैली निकालकर मनाया। मॉर्निंग क्लब के अध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित ने बताया कि मोटे महादेव सिद्ध स्थान आश्रम के महंत बाबा दशरथ दास एवं नर्सिंग अधीक्षक ओम खनोतिया ने आजादी के अमृत महोत्सव पर देश को आजाद करने वाले शहीदों, देशभक्तों की अमर कहानी का संदेश दिया। उसके पश्चात मॉर्निंग क्लब के सभी सदस्य भगवा टीशर्ट पहनकर हाथों में तिरंगा लेकर छत्रपति शिवाजी महाराज के जयकारों के साथ भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे लगाते हुए आजादी के अमृत महोत्सव पर पार्क में तिरंगा रैली निकाली तथा पार्क में भ्रमण करने वाले नागरिकों को घर पर तिरंगा लगाने के लिए तिरंगे का निशुल्क वितरण किया।
आर्य समाज ने तिरंगा यात्रा निकाली
आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर आर्य समाज ने तिरंगा यात्रा निकाली। आर्य उप प्रतिनिधि सभा कोटा संभाग के वरिष्ठ मंत्री चन्द्र मोहन कुशवाहा व मंत्री लाल चन्द आर्य ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव आर्य समाज ने बडे उत्साह पूर्वक मनाया। कुशवाहा व आर्य ने बताया कि आर्य समाज के परिवारों ने नान्ता स्थित करणी माता मन्दिर परिसर मे तिरंगा यात्रा निकाली। उन्होंने बताया कि यात्रा को सम्भागीय प्रधान अर्जुन देव चड्ढा व उप प्रधान पी सी मित्तल ने झण्डी दिखाकर रैली को रवाना किया। आर्य महिला-पुरूष व बच्चें हाथों में तिरंगा लिए हुए भारत माता की जय, वन्दे मातरम के उदघोष करते हुए चल रहे थे। महिलाएं राष्ट्र भक्ति के गीत गा रही थी।