हिन्दू कालेज में मॉक ड्रिल संबंधी आयोजन

दिल्ली। हिन्दू कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में बुधवार को मॉक ड्रिल संबंधी आयोजन हुआ। आयोजन में महाविद्यालय के संपदा अधिकारी एवं पूर्व सैन्य अधिकारी अनुज गुप्ता ने आपात स्थितियों में रक्षा संबंधी उपायों की विस्तृत जानकारी दी। गुप्ता ने बताया कि भारतीय सेना सभी प्रकार की चुनौतियों के लिए सक्षम है लेकिन नागरिकों को विशेष परिस्थितियों में अपने दायित्वों को समझना आवश्यक है। सांगानेरिया सभागार में हुए इस आयोजन में गुप्ता ने भगदड़, आग और तनाव की स्थितियों में भीड़ प्रबंधन तथा घायल लोगों की मदद के तरीके बताए। उन्होंने प्राथमिक उपचार एवं सुरक्षित स्थानों की पहचान के तरीके भी बताए जहां आपात स्थिति में जान बचाई जा सकती है। युद्ध अथवा हमले के दौरान बजने वाले सायरनों के आशय स्पष्ट करते हुए गुप्ता ने युवा विद्यार्थियों का आह्वान किया कि देश की सेवा के लिए हर कार्य को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। गुप्ता ने मंच पर विद्यार्थियों के सहयोग से घायलों को उठाने तथा अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग का उदाहरण भी दिया।
इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा निर्मित सतर्कता विषयक फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। संयोजन कर रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ पल्लव ने कहा कि देश सर्वोपरि है और हम सब भारत की रक्षा व सम्मान के लिए तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना जैसे संगठन देश सेवा के अटूट संकल्प से तैयार हुए हैं।
सामूहिक राष्ट्रगान के साथ आयोजन संपन्न हुआ। राष्ट्रीय सेवा योजना की विद्यार्थी अध्यक्ष नेहा यादव ने गुप्ता को पौधा देकर आभार प्रदर्शित किया। आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और सह शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments