
-देवेंद्र यादव-

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने हरियाणा के विधानसभा चुनाव को पूरी गंभीरता से लिया है। दोनों हरियाणा की सड़कों पर उतर गए और कांग्रेस की सत्ता में वापसी कराने के लिए सीधे मतदाताओं से संवाद करने लगे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रति मतदाताओं का और हरियाणा की जनता का लगाव देखते ही बनता है। हरियाणा में जनसैलाब राहुल गांधी के साथ चलता, हुआ नजर आ रहा है और उनकी बात सुन रहा है।
लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी ने कहा था कि राजनेताओं को दिल्ली के अपने आलीशान महलों से निकलकर जनता से उनके दरवाजे पर जाकर उनकी कठिनाइयां और समस्याएं सुननी पड़ेगी। जनता की समस्या और कठिनाइयों का समाधान का हल उनसे बात करके निकालना होगा। राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि मैं यह करके रहूंगा। राहुल गांधी ने 30 सितंबर को हरियाणा के भीतर यह करके दिखा दिया। वह जनता की समस्याओं को सीधे सुन रहे हैं और जनता से संवाद कर रहे हैं और बता रहे हैं कि यदि हरियाणा में हमारी सरकार बनी तो कांग्रेस जनता के लिए क्या क्या करेगी।
राहुल गांधी की इस चुनावी रणनीति से जनता का विश्वास उनके और कांग्रेस के प्रति बढ़ता हुआ तो दिखाई दे रहा है। राहुल गांधी की इस रणनीति ने, हरियाणा में कांग्रेस की गुटबाजी को भी समाप्त कर दिया। हरियाणा कांग्रेस के तमाम नेता राहुल गांधी के साथ हरियाणा की जनता के बीच में जाकर कांग्रेस के लिए वोट मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जब प्रियंका गांधी और राहुल गांधी हरियाणा की जनता के द्वार जाकर कांग्रेस के लिए वोट मांग रहे हैं ऐसे में राहुल गांधी का निर्वाचन क्षेत्र रहा अमेठी कैसे पीछे रह जाता। अमेठी से सांसद किशोरी लाल शर्मा के दर्जनों नेता अमेठी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में हरियाणा के पानीपत पहुंचे और वहां उन्होंने डोर टू डोर जाकर जनता से कांग्रेस प्रत्याशी को जीताने की अपील की।
राहुल गांधी की चुनावी रणनीति ने राजनेताओं को बता दिया कि जनता के बीच जाकर केवल भाषण देने से काम नहीं चलेगा। जब तक जनता के बीच जाकर सीधे संवाद नहीं करोगे और जनता को यह नहीं बताओगे कि हम सत्ता में आए तो आपके लिए हमारी पार्टी क्या करेंगी, तब तक पता ही नहीं चलेगा कि जनता की समस्या क्या है और उसका समाधान क्या करना होगा। राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा में जनता से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी और कठिनाइयां जानी, और जनता की समस्या और कठिनाइयो का समाधान करने के लिए आगे बढ़े। यही रणनीति उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव में दिखाई है।
राहुल गांधी ने चुनाव में प्रचार करने की नई चुनावी रणनीति बनाकर राजनेताओं को बता दिया कि जनता का फायदा तब होगा जब राजनेता जनता के बीच जाकर भाषण नहीं सीधे संवाद करेंगे। जनता को बताना होगा कि उनकी पार्टी सत्ता में आई तो वह जनता के लिए क्या करेगी। राहुल गांधी ने हरियाणा की जनता को यह भी बताया कि सम्मान से पेट नहीं भरता है। पेट भरता है भोजन से और भोजन के लिए चाहिए पैसा और आज गरीब की जेब में पैसा नहीं है। महंगाई बढ़ रही है लोग जरूरत की चीज आसानी से नहीं खरीद पा रहे हैं। राहुल गांधी ने हरियाणा की जनता से संवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस हरियाणा की सत्ता में आने के बाद जनता को सम्मान भी दिलाएगा और पैसा भी।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। यह लेखक के निजी विचार हैं)