
कोटा। राजस्थान सरकार के भाषा एवं पुस्तकालय विभाग की उपनिदेशक डॉ. अनीता शर्मा ने शनिवार को राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय, कोटा का निरीक्षण किया और यहाँ उपलब्ध व्यवस्थाओं, सेवाओं व निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पुस्तकालय में नवाचारों, दृष्टिबाधित, दिव्यांगजनों, अस्थायी रूप से दिव्यांग व्यक्तियों तथा घुमंतू (Nomadic) समुदायों के लिए चल रही सेवाओं की प्रशंसा की।
निरीक्षण के उपरांत डॉ. शर्मा ने कहा कि “आपके नवाचारों पर राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित करेंगे। उन्होंने पुस्तकालय की रोकड़ पंजिका, परिग्रहण पंजिका, भंडार पंजिका, बजट नियंत्रण पंजिका और पुस्तक रख-रखाव प्रणाली को देखा। साथ ही राजा राममोहन राय पुस्तकालय प्रतिष्ठान, कोलकाता की वित्तीय सहायता से चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने ऑनलाइन पब्लिक एक्सेस कैटलॉग (OPAC), नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया (NDLI) क्लब, पुस्तकालय स्वचालन प्रणाली और असिस्टिव टेक्नोलॉजी का अवलोकन किया।
संभागीय पुस्तकालय अध्यक्ष डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने पुस्तकालय की नवाचारमूलक सेवाओं पर जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान पाठकों ने भी अपने अनुभव साझा किए।