
-शैलेश पाण्डेय-
रोजर फेडरर एक ऐसा नाम जो टेनिस कोर्ट पर खेलते समय एकदम शांत दिखाई देता है लेकिन अपने कलात्मक खेल और सटीक शॉट्स से प्रतिद्वंद्वी को छका देने में माहिर है। टेनिस इतिहास के सबसे महान खिलाडियों में से एक रोजर फेडरर ने 13 बार के ग्रैण्ड स्लैम चैम्पियन पीट सैम्प्रास को हराकर टेनिस की दुनिया में सनसनीखेज दस्तक दी थी और अपने खेल कौशल का लोहा मनवाया। उनके सटीक शाट्स की तुलना एक कुशल सर्जन से की जा सकती है। लेकिन फेडरर ने पिछले तीन साल से चोटों से जूझने के कारण टेनिस कोर्ट पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने में विफलता बाद आखिर इस खेल को विदा कहने की घोषणा कर दी। लेकिन जिन्होंने फेडरर को उनकी सहज खेल शैली से आश्चर्यजनक रुप से 20 ग्रैण्ड स्लैम खिताब जीतते देखा है उन्हें जरुर उनके कलात्मक और लयबद्ध खेल की कमी खलेगी।
दो दशक तक नडाल और जोकोविच के साथ राज किया
रोजर फेडरर ने दो दशक तक राफेल नडाल और नोवाक जोकोविच के साथ टेनिस जगत में राज किया। सही मायनों में पीट सम्प्रास की विदाई के बाद इस तिकड़ी ने टेनिस कोर्ट पर अपनी विभिन्न शैली, अंदाज और व्यवहार से न केवल दर्शकों के दिलों पर राज किया बल्कि टेनिस में एक नई तरह की प्रतिद्वंद्विता भी दी। फेडरर ने रिटायरमेंट की घोषणा करते हुए ट्वीट में कहा कि 41 साल की उम्र में उन्हें लगता है कि इस खेल को छोडऩे का समय आ गया है। फेडरर ने बताया, मैं 41 साल का हूं, मैंने 24 वर्षों में 1500 से अधिक मैच खेले हैं।
2003 में विंबलडन जीत से किया आगाज
फेडरर ने 2003 में जब अपना पहला विंबलडन खिताब जीता तभी टेनिस के नए बादशाह के प्रवेश की आहट हो गई थी। उन्होंने फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा और कॅरियर में टेनिस का यह सबसे प्रतिष्ठित खिताब आठ बार जीत रिकॉर्ड कायम कर दिया। हमेशा चेहरे पर मंद मुस्कान बिखेरने वाला यह सीधा और सच्चा दिखाई देने वाला इंसान टेनिस कोर्ट पर खेलते समय अपने प्रतिद्वंद्वी के प्रति कोई रियायत नहीं बरतता था। एक समय तो 2004 से 2007 के बीच उनका टेनिस कोर्ट पर एक छत्र राज था। कई खिलाड़ी आए और गए लेकिन उन्हें चुनौती देने की दम किसी में नजर नहीं आई। उन्होंने इस अवधि में 11 ग्रैण्ड स्लैम जीते। यह रिकॉर्ड उनकी महानता को दर्शाता है।
फोरहैंड सबसे खतरनाक हथियार
रोजर का फोरहैंड अभी तक के खेल का सबसे खतरनाक हथियार माना जाता है। वह नेट पर जितनी फुर्ती से स्वीप करते थे वह देखने लायक था। यहां तक कि उनके विपक्षी तब बेसलाइन से आगे नहीं बढ पाते थे। फेडरर के पास एक से बढ़कर एक शॉट्स का भंडार था। कोर्ट पर उनकी लय ऐसी थी मानों हवा का झौंका हो। उनकी सर्विस का तो यह हाल था कि बहुत कम समय में सर्विस गेम अपने नाम कर लेते थे।
शास्त्रीय संगीत के समान लय बद्ध खेल
फेडरर की टेनिस एक तरह से शास्त्रीय संगीत के समान लय बद्ध था। उनके खेल का शुद्ध सौंदर्यशास्त्र उनके जीते खिताबों से कहीं बढकर रहा। टेनिस किस सहज ढंग से खेली जा सकती है फेडरर इसके बहुत बडे उदाहरण हैं। उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा का पूरी बुद्धिमत्ता और अनुशासन से दोहन किया। विपरीत परिस्थितियों में उनका धैर्य देखने लायक होता था। दो दशक का उनका सफल पेशेवर करियर इसी वजह से संभव हो सका।
आलोचकों को दिया जवाब
उनकी उम्र बढने के साथ भले ही टेनिस का संतुलन धीरे-धीरे राफेल नडाल और नोवाक जोकोविच के पक्ष में स्थानांतरित हो गया हो लेकिन फेडरर ने कड़ी मेहनत, समर्पण, प्रतिबद्धता और लगन से अपनी उपस्थिति हमेशा बनाए रखी। जब वह 30 साल के हुए तभी से उनके भविष्य को लेकर आलोचक सवाल उठाने लगे थे लेकिन उन्होंने एक और दशक बेहतरीन खेल से बिताकर आलोचकों को कड़ा जवाब दिया। उनका 2017 का ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब अपने आप में एक उदाहरण है। लगभग छह माह चोट के कारण कोर्ट से दूर रहने के बाद वापसी करते हुए उन्होंने कॅरियर का यह 20वां ग्रैण्ड स्लैम खिताब जीता था।
रोजर फेडरर के कुछ रिकॉर्ड जो उनकी महानता को बयां करते हैं
-उन्होंने 20 ग्रैण्ड स्लैम खिताब जीते। इसके लिए उन्होंने 30 फाइनल खेले। उनसे ज्यादा ग्रैण्ड स्लैम खिताब नोवाक जोकोविच और राफेल नडाल के नाम हैं क्योंकि रोजर बैक इंजरी से तीन साल अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दे सके।
-फेडरर ने 2004-2007, 2009 में पांच बार एटीपी नंबर 1 सहित रिकॉर्ड 33 एटीपी वल्र्ड टूर अवार्ड जीते हैं। उन्होंने 2006 और 2013 में दो बार आर्थर ऐश ह्यूमैनिटेरियन ऑफ़ द ईयर जीता। 2004-2009 और 2011-2016 में 12 बार स्टीफन एडबर्ग स्पोट्र्समैनशिप अवार्ड जीता।
-उन्होंने नंबर 1 पर रहने का 302 सप्ताह का रिकॉर्ड बनाया। ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने के बाद 2004 में पहली बार नंबर 1 पर पहुंचे थे। वह 36 साल की उम्र में भी दुनिया के सबसे उम्रदराज नंबर 1 खिलाड़ी बने।
-वह जिमी कॉनर्स के साथ दूसरे ऐसे खिलाड़ी है जो सबसे अधिक वर्षों के लिए नंबर 1 पर रहे। पीट सम्प्रास इस मामले पर नंबर एक पर हैं।
– उन्होंने 2002-2015 तक एटीपी के शीर्ष 10 खिलाडियों में लगातार 14 सीजऩ पूरे किए। यह दूसरा सबसे लंबा रिकॉर्ड है। केवल जिमी कोनर्स शीर्ष 10 में लगातार 16 सीजऩ के साथ नंबर 1 स्थान पर रहे हैं।
-फेडरर ने कॅरियर में 103 एकल खिताब जीते हैं। ओपन एरा में जिमी कोनर्स (जिनके पास 109 खिताब हैं) के बाद उनका दूसरा नंबर है। तीसरे नंबर पर इवान लेंडल ( 94 खिताब हैं) हैं।
-फेडरर सभी चार मेजर जीतने वाले आठ खिलाडियों में से एक हैं। उन्होंने ओलंपिक स्वर्ण पदक भी जीता है।
-ओपन एरा में सर्वाधिक एकल मैच (1,080$) जीतने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। उनसे ज्यादा एकल मैच जिमी कोनर्स (1,256) ने जीते हैं। इवान लेंडल (1,071) तीसरे नंबर पर हैं)
(photo courtesy from Roger Federer social media account)