दुनिया के रक्षा बाजार में बढ रही है भारत की धमक

pm

-एयरो इंडिया -2023 शुरू, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

बेंगलुरु। बेंगलुरु में वायुसेना के येलहंका अड्डे पर एयरो इंडिया-2023 मेगा शो सोमवार को शुरू हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शो का उद्घाटन किया। यह शो भारत के रक्षा उत्पादन की दृष्टि से बहुत अहम है। पिछले तीन चार साल में भारत हथियार प्रणालियों के निर्यात में एक मजबूत दावेदार के रूप में उभरा है और उसका रक्षा निर्यात भी बढा है। फिलहाल दुनिया के रक्षा निर्यात पर तीन चार देशों खासकर अमरीका, रूस,चीन, इजराइल, ब्रिटेन व फ्रांस का दबदबा है। अब भारत भी अपनी जगह बना रहा है और वह नई आयुध प्रणालियां लेकर आया है जिसमें फाइटर जेट तेजस, आधुनिक तोपें , मिसाइल प्रणाली व अन्य हथियार शामिल हैं। भारत की योजना एक बडे रक्षा निर्यातक के रूप में उभरने के साथ ही रक्षा क्षेत्र में खुद को आत्मनिर्भर बनाने की है; इस दृष्टि से यह एयर शो बहुत अहम है।क्योंकि पांच दिन के इस कार्यक्रम में 32 देशों के रक्षा मंत्री और दुनिया की कई बडी रक्षा कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।उम्मीद है कि 39 देशों के वायु सेना प्रमुख भी इस दौरान कार्यक्रम में सम्मिलित हो सकते हैं। 809 कंपनियां एयरो स्पेश और डिफेंस उत्पादों को प्रदर्शित करेंगी। इसलिए यह एयरो शो भारत के लिए अहम है। यहां भारत अपनी नवीनतम रक्षा प्रणालियों को दुनिया को बता सकता है।

pm 1

यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन के मौके पर यह सही कहा कि एयरो इंडिया सिर्फ एक शो नहीं है, बल्कि यह भारत की ताकत है। इससे पहले वायुसेना प्रमुख वीआर चौधरी ने उद्घाटन समारोह में गुरुकुल फॉर्मेशन का नेतृत्व किया और फाइटर जेट से उड़ान भरी।
पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के अमृतकाल में भारत एक फाइटर पायलट की तरह आगे बढ़ रहा है। जिसको ऊंचाइयां छूने से डर नहीं लगता। जो सबसे ऊंची उड़ान भरने के लिए उत्साहित है। आज का भारत तेज सोचता है, दूर की सोचता है और तुरंत फैसले लेता है। भारत ने बीते 8-9 साल में अपने यहां रक्षा क्षेत्र का कायाकल्प कर दिया है। हमारा लक्ष्य है कि हम वर्ष 2024 -25 तक डिफेंस एक्सपोर्ट को 5 बिलियन डॉलर तक ले जाएंगे। भारत अब डिफेंस उत्पादक देशों में शामिल होने के लिए तेजी से कदम बढ़ाएगा।

यूं दिखेगी भारत की ताकत
एयरो शो में कई मोर्चों पर भारत की ताकत नजर आएगी। खासकर हल्के लडाकू विमान (एलसीए)-तेजस, एचटीटी-40, डॉर्नियर लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर (एलयूएच), लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर (एलसीएच) और एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) जैसे स्वदेशी हवाई प्लेटफार्म अपनी उपस्थिति से दुनिया का ध्यान आकर्षित करेंगे। दुनिया के रक्षा बाजार में इनकी धमक बढ सकती है।

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments