
-एकनाथ शिंदे ओर अजित पवार बने उपमुख्यमंत्री
-राजनीति, बॉलीवुड और उद्योग जगत की हस्तियां रहीं उपस्थित
मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार शाम को मुंबई के आज़ाद मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में महाराष्ट्र के 21वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जिसमें हज़ारों लोग मौजूद थे।
निवर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अजित पवार के साथ उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। महायुति नेताओं के साथ मंच पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा तथा भाजपा के अन्य शीर्ष नेता भी मौजूद थे। मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भजनलाल शर्मा, पुष्कर सिंह धामी, चंद्रबाबू नायडू, नीतीश कुमार भी मौजूद थे। महाराष्ट्र में नई सरकार के शपथ ग्रहण के साथ ही महायुति में खटपट की खबरों का पटाक्षेप हो गया है।

23 नवंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के करीब दो हफ्ते बाद आजाद मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति के हजारों समर्थक शामिल हुए। उद्योगपति मुकेश अंबानी और कुमारमंगलम बिड़ला और बॉलीवुड सितारे शाहरुख खान, सलमान खान, रणबीर कपूर, माधुरी दीक्षित-नेने, संजय दत्त और क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर भी उपस्थित थे। यह तीसरी बार है जब नागपुर दक्षिण-पश्चिम से विधायक 54 वर्षीय फडणवीस प्रतिष्ठित मुख्यमंत्री कार्यालय में बैठेंगे। उनका पिछला कार्यकाल 2014 से 2019 तक था। दुबारा नवंबर 2019 में उनकी सरकार केवल 72 घंटे चली थी। भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने दिन में कहा था कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य शपथ ले लेंगे। महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, अजित पवार को पद की शपथ दिलाई। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में भाजपा के 132 सीट जीतने के साथ ही देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार बनकर उभरे थे। महायुति के घटक दलों-भाजपा, शिवसेना और राकांपा के पास विधानसभा में कुल मिलाकर 230 सीट हैं।