
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धर्मांतरण को लेकर बड़ा ऐलान किया है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा है कि प्रदेश में धर्मांतरण को चलने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए धार्मिक स्वतंत्रता विधेयक में बदलाव किया जाएगा। ऐसा करने वालों को फांसी की सजा होगी। सरकार ये प्रावधान करने जा रही है। धर्मांतरण कानून में बदलाव होगा, इसमें लोगों को फांसी की सजा का प्रावधान किया जाएगा। मध्य प्रदेश में लगातार सामने आ रहे धर्मांतरण के मामलों पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने यह सख्ती दिखाई है। ऐसे में मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य होगा, जिसमें धर्मांतरण कराने वालों की फांसी की सजा दी जाएगी। मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से पिछले कुछ समय में धर्मांतरण के कई मामले सामने आए हैं। इसमें कुछ मामले ऐसे भी थे, जिसमें युवकों ने दूसरा नाम बताकर युवतियों से नजदीकी बढ़ाई और फिर उनके साथ दुष्कर्म कर धर्मांतरण का दबाव बनाया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मासूम बेटियों के साथ दुराचार करने वालों को सरकार छोड़ने वाली नहीं है। दोषियों को कठोर से कठोर दंड दिलाया जा रहा है। सीएम ने मंच से कहा कि बेटियों का धर्मांतरण कराने वाले दोषियों के लिए भी मध्य प्रदेश में फांसी की सजा का प्रावधान किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1.27 करोड़ महिलाओं के खाते में करीब 1552.73 करोड़ और 26 लाख महिलाओं के खातों में गैस रीफिलिंग के लिए 55.95 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई महिलाओं को राष्ट्रमाता पद्मावती पुरस्कार (2023), राजमाता विजयाराजे सिंधिया समाज सेवा पुरस्कार (2023-24), रानी अवंति बाई वीरता पुरस्कार (2024) और श्री विष्णु कुमार महिला एवं बाल कल्याण समाज सेवा सम्मान पुरस्कार (2024) से सम्मानित किया। कार्यक्रम में हितग्राही महिलाओं ने अपने अनुभव भी सुनाए। सीएम ने ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को 200 से ज्यादा ई-साइकिल दी। डिजीटल ई-न्यूज लैटर ‘आजीविका अनुभूति’ का विमोचन किया। उन्होंने डीडीयूजीकेवाय के अंतर्गत ट्रेनिंग ले चुकीं युवतियों को नियुक्ति पत्र भी दिए। इस मौके स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने भी मंच से अपने अनुभव साझा किए। इन महिलाओं ने अपने संघर्ष की कहानी बताई। इस मौके पर उन्होंने स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। सीएम डॉ. यादव ने भोपाल-इंदौर-ग्वालियर-जबलपुर-उज्जैन और धार में जैविक हाट का भी शुभारंभ किया। उन्होंने भोपाल में चलित जैविक हाट बाजार की गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई।