राजस्थान में नेता और कार्यकर्ताओं के उत्साह एवं एकता को देख जोश से भरे मल्लिकार्जुन खरगे!

20
जयपुर में संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे। फोटो सोशल मीडिया

-देवेंद्र यादव-

devendra yadav 1
देवेन्द्र यादव

राजस्थान के जयपुर में 28 अप्रैल सोमवार के दिन कांग्रेस के संविधान रक्षा सम्मेलन से दो तस्वीर एक साथ नजर आई। गत दिनों पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले की नाजुक घड़ी में कांग्रेस केंद्र सरकार के साथ खड़ी नजर आई, तो वही मंच पर कांग्रेस के संकट के दौर में राजस्थान के तमाम कांग्रेसी नेता एक जुटता का परिचय देते हुए दिखाई दिए। राजस्थान कांग्रेस के नेताओं के इस अंदाज और प्रदेश भर से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जोश को देखकर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे प्रसन्न नजर आए। वह कार्यकर्ताओं के जोश को देखकर खुद भी जोश में आ गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर गरजे।

110
संविधान रक्षा सम्मेलन में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता। फोटो सोशल मीडिया

मंच से जब मल्लिकार्जुन खरगे बोल रहे थे तब ऐसा लग रहा था जैसे मोदी और उनकी सरकार नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से नहीं बल्कि मल्लिकार्जुन खरगे से अधिक डरती है, क्योंकि खरगे के पास संविधान और बाबा साहब का मजबूत राजनीतिक कवच है। इस कवच को भेदना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के लिए मुश्किल ही नहीं बल्कि नामुमकिन है क्योंकि खरगे स्वयं दलित समुदाय से हैं। इस कवच का नजारा भारतीय जनता पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में देखा है। भारतीय जनता पार्टी 400 पार का सपना देख रही थी लेकिन 240 पर सिमट कर रह गई। भारतीय जनता पार्टी इसीलिए गांधी परिवार और अन्य कांग्रेसी नेताओं की तरह मल्लिकार्जुन खरगे पर राजनीतिक हमले नहीं कर रही है बल्कि बच रही है।

whatsapp image 2025 04 28 at 16.42.35
मंच पर मौजूद राजस्थान कांग्रेस के नेता। फोटो सोशल मीडिया

मल्लिकार्जुन खरगे का कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना भी कांग्रेस और गांधी परिवार के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच साबित हो रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने देश भर में संविधान बचाओ अभियान की शुरुआत की थी जो अभी तक जारी है। शायद यह इसलिए है क्योंकि खरगे ने कसम खाई थी कि वह एक दिन भारतीय जनता पार्टी को केंद्र की सत्ता से हटाकर रहेंगे। यदि नीतीश कुमार 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन का साथ छोड़कर भाजपा के साथ नहीं मिलते तो शायद खरगे का सपना 2024 में ही पूरा हो जाता। लेकिन खरगे निराश नहीं हुए बल्कि पहले से अधिक सक्रिय नजर आ रहे हैं। 82 वर्षीय बुजुर्ग नेता कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारतीय जनता पार्टी की सत्ता को केंद्र से उखाड़ फेंकने के लिए जोश भर रहे हैं। ऐसा राजनीतिक दलों में कम ही देखने को मिलता है। खरगे की सक्रियता बता रही है कि कांग्रेस के लिए देश हित सर्वोपरि है। खरगे ने ही कहा था कि हम न्याय के लिए अंतिम समय तक लड़ेंगे और एक दिन जीतेंगे। राजस्थान की धरती पर 28 अप्रैल को आकर खरगे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच यही संदेश दिया है। उन्होंने श्रीमती इंदिरा गांधी के उस भावुक बयान का जिक्र किया जिसमें इंदिरा गांधी ने कहा था कि मेरे खून की एक-एक बूंद इस देश की रक्षा करेगी और काम आएगी। राजस्थान में अभी विधानसभा के चुनाव होने में लंबा समय बाकी है। लेकिन राजस्थान के नेताओं की संविधान रक्षा सम्मेलन के मंच पर लंबी कतार बता रही है कि राजस्थान कांग्रेस भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए एक जुट और तैयार है। खरगे ने भी मंच से राजस्थान के नेताओं और सामने उपस्थित कार्यकर्ताओं से कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले निकाय और पंचायत राज के चुनाव हैं। उन चुनाव में भी आप लोग भाजपा को उखाड़ फेंको। संविधान रक्षा सम्मेलन को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के राष्ट्रीय महामंत्री सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, भंवर जितेंद्र सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित तमाम नेताओं ने संबोधित किया।

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments