मदुरै में एलपीजी सिलेंडर से रेल कोच में आग से मरने वालों यात्रियों की संख्या दस पहुंची

-उत्तर प्रदेश के थे यात्री, चाय बनाते समय हुआ हादसा

मदुरै। मदुरै रेलवे जंक्शन के पास शनिवार तड़के एक पर्यटक कोच (पार्टी कोच) के अंदर आग लगने से तीन महिलाओं सहित कम से कम दस यात्रियों की जलकर मौत हो गई। हादसा सुबह करीब सवा पांच बजे हुआ। आग लगने की घटना के कारण मदुरै में ट्रेन संचालन में देरी हुई है। कोच में एक यात्री एलपीजी सिलेंडर का उपयोग करके चाय बना रहा था, जिससे आग लग गई।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक हादसे के वक्त सो रहे पांच पुरुष और तीन महिलाएं जलकर मर गए। दो अन्य मृत व्यक्तियों की पहचान नहीं हो सकी है। मदुरै की जिला कलेक्टर एम एस संगीता, ने कहा कि ट्रेन के डिब्बे में आग लगने की घटना में दस लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोच से 55 लोगों को बचाया गया है।

ऐसा कहा जाता है कि नागरकोइल में एक ट्रेन (16730- पुनालुर-मदुरै एक्सप्रेस) से जुड़े पर्यटक कोच में लगभग 70 यात्री थे। कोच को एक्सप्रेस से अलग कर दिया गया और मदुरै स्टेबलिंग लाइन पर रोका गया जहां आग लगने की घटना हुई थी। दक्षिणी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी बी गणेशन के अनुसार, कोच में यात्रियों ने अवैध रूप से गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया। इसी वजह से आग लगी। आग शनिवार सुबह 5.15 बजे लगी और आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे अग्निशमन सेवा कर्मियों ने सुबह 7.15 बजे तक आग पर काबू पा लिया।

“यह एक निजी पार्टी कोच है जिसे कल (25 अगस्त) को 16730 (पुनालुर-मदुरै एक्सप्रेस) से नागरकोइल जंक्शन पर जोड़ा गया था। पार्टी कोच को अलग कर मदुरै स्टेबलिंग लाइन पर रखा गया। आग देखकर कई यात्री कोच से बाहर निकल आए। गणेशन ने कहा, कुछ यात्री प्लेटफॉर्म पर ही उतर गए थे।

पार्टी कोच ने 17 अगस्त को लखनऊ से यात्रा शुरू की थी। उनका 27 अगस्त को चेन्नई और वहां से लखनऊ लौटने का कार्यक्रम था। गणेशन ने कहा कि कोई भी आईआरसीटीसी पोर्टल का उपयोग करके पार्टी कोच बुक कर सकता है, हालांकि, उन्हें कोई भी ज्वलनशील सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं है। कोच का उपयोग केवल परिवहन उद्देश्यों के लिए किया जाना है। हालाँकि, इस समूह ने कथित तौर पर एक गैस सिलेंडर को रखा।

घटनास्थल पर बिखरे हुए सामान में एक सिलेंडर और आलू का एक बैग शामिल था, जिससे पता चलता है कि वहां खाना पकाने की कोशिश की गई थी। राज्य के राजस्व मंत्री पी मूर्ति और मदुरै के पुलिस आयुक्त डॉ जे लोगनाथन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रत्येक मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।

दक्षिणी रेलवे ने आग की घटना और हताहतों की संख्या से संबंधित जानकारी के लिए दो हेल्पलाइन नंबरों 9360552608, और 8015681915 की भी घोषणा की।

 

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments