
-देवेंद्र यादव-

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में सरगर्मी, अब तेज हो गई है। हालांकि अभी चुनाव की घोषणा होने में काफी वक्त है मगर जनता के लिए सौगातों की घोषणा सुनाई देने लगी है।
बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू नेता नीतीश कुमार और राजद नेता पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की सेहत को लेकर भी चर्चा सुनाई दे रही है। वहीं कांग्रेस बिहार में अपनी राजनीतिक सेहत को सुधारने के लिए डॉक्टर कन्हैया कुमार को आगे कर पलायन रोको रोजगार दो यात्रा तो निकाल रही है मगर कांग्रेस हाई कमान को यह समझ नहीं आ रहा है कि बिहार में कांग्रेस की सेहत किस टॉनिक को देने से ठीक होगी। कांग्रेस ने बिहार में अपने राष्ट्रीय प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष को भी बदल दिया। इस बदलाव के बाद लग रहा था कि कांग्रेस बिहार में पार्टी की सेहत सुधारने के लिए गंभीर है। मगर कांग्रेस को अभी भी समझ नहीं आ रहा है कि वह बिहार में पार्टी की सेहत सुधारने के लिए किसी टॉनिक का उपयोग करे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 25 मार्च को दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी भवन मे बिहार के नेताओं के साथ बड़ी बैठक की। बिहार में कांग्रेस के पास एक्सपायरी डेट के टॉनिक अधिक है, और नए टानिकों पर कितना भरोसा करें इसलिए कांग्रेस हाई कमान के समझ नहीं आ रहा है कि वह बिहार में कांग्रेस की सेहत को सुधारने के लिए किस टॉनिक का इस्तेमाल करें।
सत्ताधारी जेडीयू और प्रमुख विपक्षी दल आरजेडी और कांग्रेस अपने-अपने सेहत को लेकर उलझे हुए हैं वहीं भारतीय जनता पार्टी ने जनता की सेहत को ध्यान में रखते हुए सौगात ए मोदी किट ईद और नवरात्रों में जरूरतमंद जनता को देने की घोषणा करने के साथ 25 मार्च से इस योजना का शुभारंभ भी कर दिया है !
मैंने कल ही अपने ब्लॉग में लिखा था भारतीय जनता पार्टी छोटी-छोटी घोषणाएं कर बड़ी-बड़ी राजनीतिक कामयाबी हासिल करती है। अब सवाल उठता है कि क्या भारतीय जनता पार्टी हरियाणा और दिल्ली की तरह बिहार में भी अपनी सरकार बनाएगी। मैंने पूर्व में हरियाणा और दिल्ली के विधानसभा चुनाव के दरमियान भी सवाल किया था कि क्या हरियाणा और दिल्ली में भाजपा अपनी सरकार बनाने जा रही है। ठीक वैसा ही सवाल बिहार को लेकर है।
यदि भाजपा का ट्रैक रिकार्ड देखें तो हाल ही में उन्होंने हरियाणा और दिल्ली में सरकार बनाई है जबकि दोनों ही राज्यों में लग नहीं रहा था कि भाजपा की सरकार बनेगी।
भाजपा का ऐलान सौगात ए मोदी बिहार में भाजपा के लिए कितना कारगर सिद्ध होगा यह समझाने से पहले यह समझना होगा कि गत विधानसभा चुनाव में बिहार के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की महिलाओं को संबोधित करते छठ पूजा के लिए सामग्री देने की घोषणा करते हुए कहा था कि मैं कैसे मेरी माता और बहनों को छठ पूजा की सौगात नहीं दूं और उन्होंने मुफ्त सामग्री और अनाज देने की घोषणा की थी। जिसका परिणाम यह हुआ कि भारतीय जनता पार्टी बिहार में सरकार बनाने के करीब पहुंच गई और भाजपा राजद के बाद दूसरे नंबर की बड़ी पार्टी बनी। क्या बीजेपी को सौगात ए मोदी 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में बिहार की पहली बार सत्ता की सौगात देगी इसका इंतजार करना होगा।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। यह लेखक के निजी विचार हैं)