
अशोक सैनी
कोटा। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव 27 अगस्त को कोटा आएंगे। अश्वनी यहां वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल रन में शामिल होंगे। वंदे भारत ट्रेन बुधवार शाम चंडीगढ़ से कोटा पहुंच गई। रात में रेलवे यार्ड में खड़ी इस ट्रेन में आरडीएसओ के अधिकारीयों द्वारा सेंसर और जरूरी उपकरण फिट किए जा रहे थे। ट्रेन का ट्रायल गुरुवार से शुरू हो जाएगा। सुबह 8 बजे ट्रेन इंद्रगढ़ जाएगी। इसके बाद ट्रेन महिदपुर फिर घाट का बराना और कोटा आएगी। इस दौरान ट्रेन को अधिकतम 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़या जाएगा। शुक्रवार को ट्रेन को अधिकतम 180 किलोमीटर की रफ्तार से दौड़ाया जा सकता है।
खतरे के निशान से ऊपर बही मेज नदी, धीमी रफ्तार से निकाली ट्रेनें
कोटा रेल मंडल के लाखेरी-लबान के बीच स्थित मेज नदी बुधवार को खतरे के निशान से ऊपर बही। इसके चलते ट्रेनों को धीमी रफ्तार से निकाला गया। हालांकि देर रात पानी खतरे के निशान से नीचे चला गया। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। नदी के खतरे के निशान से ऊपर बहने की सूचना पर मंडल इंजीनियर एके शुक्ला सहित अधिकारी और सुपरवाइजर मौके पर पहुंचे थे। कर्मचारियों और ट्रैकमेंटेनरों को भी तैयार रहने के आदेश दिए गए थे। नदी का पानी खतरे के निशान से ऊपर और रेल पटरियों से तीन-चार फीट नीचे बह रहा था। पानी और बढ़ने पर प्रशासन द्वारा रेल संचालन बंद करने की तैयारी भी की जा रही थी। लेकिन गनीमत रहे की बाद में नदी का पानी कम हो गया।
(लेखक स्वतंत्र पत्रकार एवं रेलवे मामलों के जानकार हैं)

















