छोटी-छोटी योजना बड़ी-बड़ी कामयाबी!

untitled

-देवेंद्र यादव-

devendra yadav 1
देवेन्द्र यादव

नरेंद्र मोदी सरकार ने 2014 में केंद्र की सत्ता में आने के बाद देश की जनता के बीच विकास के छोटे-छोटे नुस्खे परोसे और भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी-बड़ी राजनीतिक कामयाबियां हासिल की। विपक्ष के द्वारा नोटबंदी और जीएसटी को लेकर देश भर में हंगामा खड़ा किया लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज्जवला और स्वच्छ भारत अभियान की योजना ने विपक्ष के मनसूबों को कामयाब नहीं होने दिया बल्कि भारतीय जनता पार्टी लगातार दूसरी बार 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ जीती।
केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार देश के युवा बेरोजगारों के लिए मुद्रा योजना तो 80 करोड़ जनता के लिए मुफ्त अनाज की योजना लेकर आई जिसका प्रभाव भी 2019 के लोकसभा चुनाव में नजर आया।
छोटी-छोटी लेकिन जनता के लिए महत्वपूर्ण इन योजनाओं ने भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा चुनाव में ही नहीं बल्कि राज्य के विधानसभा चुनाव में भी कामयाबी दिलवाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के रणनीतिकार समझ गए की कामयाबी बड़े-बड़े उद्योग, बड़े-बड़े प्रतिष्ठान खड़े करने से नहीं मिलती है। कामयाबी मिलती है आम जनता की जरूरत को पूरा करने से। शायद इसका ज्ञान मोदी और उनके रणनीतिकारों ने 2009 की मनमोहन सिंह सरकार से सीखा होगा। 2009 में लगातार दूसरी बार केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी थी और इसमें सबसे बड़ा योगदान मनमोहन सिंह सरकार की योजना मनरेगा थी। मनमोहन सिंह सरकार की जनता के लिए रोजगार की गारंटी ने कांग्रेस की लगातार केंद्र में दूसरी बार सरकार बनवाई थी। ऐसा भी नहीं था कि देश में जनता को गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे थे और ऐसा भी नहीं था कि पूर्ववर्ती केंद्र की सरकार ने स्वच्छ शौचालय नहीं बनवाए थे और ऐसा भी नहीं था कि बेरोजगार युवाओं के लिए स्वयं रोजगार योजना नहीं थी। मनमोहन सरकार ने जनता के लिए भोजन की गारंटी कानून बनाया था। यह योजनाएं पहले भी थी लेकिन उनके नाम अलग थे। मोदी सरकार ने इन योजनाओं को देश भर में अभियान के रूप में चलाया और जनता को सीधा लाभ पहुंचाया और भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक रूप से अपने अभियान में सफल हुई।
केंद्र की भाजपा सरकार का एक महत्वपूर्ण अभियान इन दिनों देश के प्रमुख शहरों में नजर आ रहा है। देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। जब यह योजना पूरी होगी तब लोगों को लगेगा कि मोदी सरकार ने देश का कितना बड़ा विकास किया। क्योंकि देश के करोड़ों लोगों की नजर एक साथ इस विकास कार्य पर पड़ेगी और रोज-रोज पड़ेगी। जनता को अहसास कराएगी कि मोदी सरकार ने वास्तव में देश का विकास किया। देश में रेलवे स्टेशन तो पहले से ही बहुत हैं और ऐतिहासिक भी हैं। लेकिन इतिहास को याद करने वाले लोग अब देश में बचे कितने से हैं। इतिहास का ज्ञान नहीं है और वह मौजूदा वक्त में जिसे देखते हैं वही उनके लिए देश का इतिहास है। इसे भाजपा के रणनीतिकार अच्छे से समझते हैं और इसीलिए भाजपा के नेता अक्सर कहते हैं कि 75 वर्षों में कांग्रेस ने देश में कुछ भी नहीं किया।
अब भारतीय जनता पार्टी देश के अल्पसंख्यकों को आकर्षित करने के लिए छोटे-छोटे नुस्खे लेकर आ रही है सबका विकास। भारतीय जनता पार्टी के पास प्रचार करने के लिए अपना विशालका केडर है, इसलिए भारतीय जनता पार्टी अपनी योजना को सफल बना पाती है। बाकी विपक्षी दल अभी भी बिखरे हुए हैं। एकजुट नहीं है इसलिए भी भारतीय जनता पार्टी लगातार कामयाब होती जा रही है। भारतीय जनता पार्टी सरकार के द्वारा जनता के लिए बनाई जा रही छोटी-छोटी योजनाएं भारतीय जनता पार्टी को बड़ी-बड़ी कामयाबी दिलवा रही है।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। यह लेखक के निजी विचार हैं)

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments