क्या राहुल गांधी बिहार में पदयात्रा निकालकर जन आंदोलन खड़ा करेंगे!

whatsapp image 2025 08 02 at 08.40.29

-देवेंद्र यादव-

devendra yadav
देवेन्द्र यादव

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाक युद्ध रुकवाने का बार-बार बयान देकर और भारत पर बड़ा टैरिफ लगाकर एक तरफ सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी को भारी टेंशन दे रखी है, वहीं दूसरी तरफ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार 1 अगस्त को प्रेस के सामने यह बयान देकर कि देश का चुनाव आयोग वोटों की चोरी करके भारतीय जनता पार्टी की चुनाव में मदद कर रहा है, धमाका कर दिया। राहुल गांधी ने कहा कि हमारे पास पुख्ता प्रमाण है, जिन्हें जनता के सामने उजागर करेंगे। राहुल गांधी 5 अगस्त को कर्नाटक के बेंगलुरु जाएंगे और फिर बिहार दौरा करेंगे। इसमें वे पदयात्रा करेंगे। सवाल यह है कि क्या राहुल गांधी और इंडिया घटक दल के नेता चुनाव आयोग के फरमान एसआईआर के खिलाफ अब सड़क पर उतरेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि मतदाता सूचियों में घोटाले का जनता के बीच बम फूटेगा इससे चुनाव आयोग बच नहीं पाएगा। भले ही चुनाव आयोग में काम करने वाले अधिकारी रिटायर हो जाएं सजा तो उन्हें मिलकर रहेगी। यह संविधान की हत्या और देशद्रोह है। राहुल गांधी के बारे में कहा जाता है और वह खुद भी कहते हैं कि जिस काम के पीछे पड़ जाते हैं उसे पूरा करके रहते हैं। इसीलिए राहुल गांधी इसकी शुरुआत कर्नाटक और कर्नाटक के बाद बिहार में आंदोलन के रूप में करने का मन बना चुके हैं !
लंबे समय से चुनाव में ईवीएम मशीनों में धांधली का आरोप लगता रहा, मगर अब यह आरोप मशीनों तक सीमित नहीं रहा बल्कि यह आरोप विपक्षी दलों खासकर राहुल गांधी के द्वारा चुनाव आयोग पर मतदाता सूचियों में हेरा फेरी कर भारतीय जनता पार्टी को मदद पहुंचाने का लगता हुआ सुनाई देने लगा है।
विपक्ष जब ईवीएम मशीनों में धांधली का आरोप लगाता था तब राजनीतिक गलियारों और मीडिया के भीतर से आवाज आती थी कि कांग्रेस और विपक्ष इसके खिलाफ आंदोलन क्यों नहीं करती है, शायद अब कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने आंदोलन करने का मन बना लिया है। बिहार में नई मतदाता सूची बनाने का काम पूर्ण हो गया है और इसी साल बिहार में विधानसभा के चुनाव हैं इसलिए राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेता शायद आंदोलन की शुरुआत बिहार से ही करेंगे। नई मतदाता सूची बनाने का काम चुनाव आयोग ने बिहार से ही शुरू किया था और इसका विरोध कांग्रेस सहित इंडिया गठबंधन ने बिहार की धरती से ही किया था। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सबसे पहले इसका विरोध करते हुए बिहार बंद करने का ऐलान किया था और राहुल गांधी के नेतृत्व में एक दिवसीय बिहार में चक्का जाम भी किया था। अब सबकी नजर राहुल गांधी के बिहार दौरे पर है। क्या राहुल गांधी बिहार में पदयात्रा निकालकर जन आंदोलन खड़ा करेंगे।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। यह लेखक के निजी विचार हैं)

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments