
-देवेंद्र यादव-

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 18 जुलाई शुक्रवार को केरल का दौरा, केरल की राजनीतिक दृष्टि से खासकर कांग्रेस की दृष्टि से महत्वपूर्ण दौरा था। राहुल गांधी ने केरल की वायनाड लोकसभा सीट से लगातार दो बार 2019 और 2024 में जीत दर्ज कर 2024 में वायनाड सीट को छोड़ दिया क्योंकि वह उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से भी जीत कर सांसद बने थे। उपचुनाव में प्रियंका गांधी वायनाड लोक सभा सीट के उपचुनाव को जीतकर पहली बार सांसद बनी। केरल गांधी परिवार के लिए कितना महत्वपूर्ण राज्य है इसका अनुमान इससे लगाया जा सकता है कि जब राहुल गांधी ने वायनाड सीट को छोड़ा तब वहां से राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी ने लोकसभा का चुनाव लड़कर जीत दर्ज की। केरल की राजनीति पर राहुल गांधी की सीधी और पैनी नजर है। इन दिनों तिरुवनंतपुरम लोक सभा सीट से कांग्रेस के सांसद शशि थरूर के कारण केरल की राजनीति मीडिया और राजनीतिक गलियारों में सुर्खियों में है। केरल में विधानसभा के चुनाव नजदीक हैं और शशि थरूर चाहते हैं कि कांग्रेस उन्हें केरल की जिम्मेदारी देकर मुख्यमंत्री का चेहरा बनाए। कांग्रेस शशि थरूर को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाएगी यह भरोसा उनको भी शायद नहीं है और इसीलिए इन दोनों शशि थरूर का झुकाव भारतीय जनता पार्टी की तरफ अधिक दिखाई दे रहा है। केरल की राजनीति को लेकर मीडिया और राजनीतिक गलियारो में सुर्खियां बनी हुई है। शशि थरूर ने तो अपने मन की भावनाएं पार्टी हाई कमान के सामने उजागर कर दी। कांग्रेस के भीतर केरल का एक नेता ऐसा भी मौजूद है जो सीधे अपनी भावनाओं को हाई कमान के सामने अभी प्रकट तो नहीं कर रहे हैं मगर हाई कमान को एहसास कर रहे हैं कि वह भी केरल के मुख्यमंत्री के दावेदार हैं। हाई कमान ने केसी वेणुगोपाल को कांग्रेस का संगठन महामंत्री बनाकर बड़ी जिम्मेदारी दे रखी है। मगर वेणुगोपाल का मन दिल्ली में नहीं होकर केरल में अधिक है। केसी वेणुगोपाल भी चाहते हैं कि हाई कमान उन्हें केरल का मुख्यमंत्री बनाए जाने का आश्वासन दे। राहुल गांधी ने 18 जुलाई शुक्रवार के दिन केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी विरासत याद दिलाती है कि सच्चा नेतृत्व कैसा दिखता है। क्या राहुल गांधी ने केरल में कांग्रेस का नेतृत्व करने वाला नेता ढूंढ लिया है और वह नेता युवा विधायक चांडी होंगे। राहुल गांधी पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि दे रहे थे उनका विधायक पुत्र भविष्य में केरल कांग्रेस का नेतृत्व करेंगे।

यदि 17 जुलाई को गुजरात कांग्रेस के भीतर दो बड़े बदलाव हुए उन पर नजर डालें तो गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित चावड़ा बने और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तुषार चौधरी बने। यह दोनों ही नेता कांग्रेसी परिवार से हैं जो प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे थे माधव सिंह सोलंकी और अमर सिंह चौधरी। अब अगला नंबर केरल में पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी के विधायक पुत्र का है जिन्हें राहुल गांधी केरल में बड़ी जिम्मेदारी देंगे। चांडी राहुल गांधी कि भारत जोड़ो यात्रा में उनके साथ रहे थे, और भारत जोड़ो यात्रा के बाद जब विधानसभा का उपचुनाव हुआ तब वह पहली बार विधानसभा का चुनाव जीतकर विधायक बने थे। 18 जुलाई को राहुल गांधी केरल के पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता तिरुवनंतपुरम जाकर एके एंटनी से भी मिले।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। यह लेखक के निजी विचार हैं)

















