जन्मदिन के बहाने राजनीतिक संदेश देंगी वसुंधरा राजे

अब महज कुछ घंटों का समय बचा है जब यह तय हो जाएगा कि विधानसभा घेराव कार्यक्रम में ज्यादा लोग जुटते हैं या चूरू के सालासर बालाजी में वर्तमान में प्रदेश के भाजपा नेताओं में इकलौती सर्वाधिक जनप्रिय-लोकप्रिय माने जाने वाली श्रीमती वसुंधरा राजे को उनके जन्मदिन पर बधाई देने वालों का अपार समूह

vasundhra
वसुंधरा राजे फाइल फोटो

-सालासर बालाजी में सवा से डेढ़ लाख भाजपा कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद, प्रदेश नेतृत्व ने बनाई दूरी

-कृष्ण बलदेव हाडा-

kbs hada
कृष्ण बलदेव हाडा

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे शनिवार को प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सालासर बालाजी में अपने जन्मोत्सव के मौके पर एक बड़ी जनसभा करके उसके पीछे निहित प्रदेश की अपार जन समूह और भाजपा कार्यकर्ताओं का ताकत का संदेश देते हुए अपना जन्मोत्सव मनाएंगे।
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय से लेकर राज्य नेतृत्व और नीचे के कार्यकर्ता तक सब अच्छे से समझते हैं कि इस साल होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव के मद्देनजर और पहले इस जनशक्ति के प्रदर्शन का महत्व और मकसद क्या है? प्रदेश नेतृत्व तो पहले ही श्रीमती राजे के जन्मोत्सव पर होने वाले इस आयोजन से अपना पल्ला न केवल झाड़ चुका है बल्कि पार्टी से जुड़े भारतीय जनता युवा मोर्चा ने तो इस दिन पेपर लीक के कारण युवाओं के छिनते रोजगार के अवसर को मुद्दा बनाकर विधानसभा घेराव का राज्य स्तरीय कार्यक्रम तय किया ताकि कम से कम कुछ ना कर सके तो भारतीय जनता पार्टी से जुड़े युवाओं का ध्यान तो भटका सकते हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया तो हो मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पहले ही कह चुके हैं कि-” वसुंधरा जी के जन्मदिन का कार्यक्रम पर उनका क्या प्लान है, यह तो वही जाने। हमारी तो जन्मदिन पर उनको शुभकामनाएं हैं। मैं इस कार्यक्रम पर कुछ नहीं बोलूंगा। ” हालांकि सतीश पूनिया की यह बात पूरी तरह सतही है क्योंकि वह ही नहीं श्रीमती वसुंधरा राजे के पुराने ‘बिछड़े साथी’ राजेंद्र सिंह राठौड़ विधानसभा क्षेत्र व गृह जिले चूरू में यह जन्मोत्सव का जलसा होने वाला है, से लेकर केंद्रीय जल संसाधन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, श्रीमती वसुंधरा राजे के धुर विरोधी रहे, यहां तक कि विरोध के वशीभूत पार्टी तक छोड़कर कांग्रेस में कुछ समय बिताने के बाद वापस लौट चुके घनश्याम तिवारी सहित अन्य नेताओं जिनमें पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व तक शामिल है, श्रीमती राजे के जन्मोत्सव पर सालासर बालाजी में होने वाले इस जलसे पर खास निगाह रखने वाले हैं।
प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की भीतरी राजनीति में मुख्यमंत्री पद के एक और दावेदार बने जातीय राजनीति करने के माहिर खिलाड़ी डॉ. किरोडी लाल मीणा तो यहां तक कह चुके हैं कि जन्मदिन तो वैयक्तिक आयोजन है, लेकिन इस दिन चार मार्च को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम रखा है तो श्रीमती वसुंधरा राजे को इस आयोजन में भाग लेना चाहिए। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कार्यकर्ताओं को तो नहीं तो कम से कम विधायकों को तो सालासर बालाजी में आयोजित होने वाले जलसे में श्रीमती राजे को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के बहाने ही सही, पहुंच जाने की आशंका के चलते पिछले मंगलवार को जयपुर में भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाकर सभी भाजपा विधायकों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में जयपुर में हो रहे विधानसभा घेराव के कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। जबकि यह पेपर लीक मसले पर भाजपा का नहीं बल्कि भारतीय जनता युवा मोर्चा का कार्यक्रम है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया की पार्टी से राज्य में सभी जिला अध्यक्षों और युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा की ओर से सभी मोर्चा अध्यक्षों को बीते एक सप्ताह में यह सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए जा रहे हैं कि शनिवार को राजस्थान में पेपर लीक जैसे मसलों पर विरोध जताने के लिए आयोजित किए जाने वाले विधानसभा कार्यक्रम घेराव के कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी हो। इसके लिए प्रदेश स्तर पर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों की बैठकें हो रही है। वैसे भी अब महज कुछ घंटों का समय बचा है जब यह तय हो जाएगा कि विधानसभा घेराव कार्यक्रम में ज्यादा लोग जुटते हैं या चूरू के सालासर बालाजी में वर्तमान में प्रदेश के भाजपा नेताओं में इकलौती सर्वाधिक जनप्रिय-लोकप्रिय माने जाने वाली श्रीमती वसुंधरा राजे को उनके जन्मदिन पर बधाई देने वालों का अपार समूह।
वैसे इस बात को समझने वाले बहुतेरे विधायक और कार्यकर्ता होंगे कि आखिर पांच दिन के सरकारी कामकाज के सप्ताह में अवकाश के दिन शनिवार,4 मार्च को विधानसभा के घेराव का कार्यक्रम क्यों रखा है और युवा मोर्चा के इस कार्यक्रम में भाजपा के विधायकों को उपस्थित रहने के लिए क्यों अप्रत्यक्ष रूप से पाबंद करने की कोशिश की जा रही है?

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं। यह उनके निजी विचार हैं)

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments