
मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और अजित पवार के नेतृत्व वाली नेशनल कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता बाबा सिद्दीकी की शनिवार, 12 अक्टूबर, 2024 को मुंबई में कथित तौर पर तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात उनके बेटे जीशान के निक्कीलनगर स्थित ऑफिस के बाहर की गई थी। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हमलावरों में से दो को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस मामले के तीसरे कथित आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि 15 दिन पहले बाबा सिद्दीकी को कोई धमकी भी मिली थी। सिद्दीकी बॉलिवुड ऐक्टर सलमान खान के करीबी थे। वारदात में 9.9 एमएम की पिस्टल का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है। मुंबई पुलिस ने सुपारी किलिंग की आशंका से भी इनकार नहीं किया है।
वरिष्ठ एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी फरवरी 2024 में कांग्रेस छोड़कर अजित पवार की पार्टी में शामिल हुए थे। सिद्दीकी कें सीने में गोली लगी। हमले में उनकी कार और उनके एक सहयोगी को भी गोली लगी।
बाबा सिद्दिकी को मरीन लाइन्स स्टेशन के सामने बड़ा कब्रिस्तान में दफन किया जाएगा। सुपुर्द ए खाक की प्रक्रिया रविवार रात 8.30 बजे होगी। इससे पहले शाम सात बजे में मगरिब की नमाज अदा की जाएगी। बाबा सिद्दिकी का पोस्टमार्टम कूपर अस्पताल में हो रहा है। रविवार सुबह उनका शव मुंबई के लीलावती अस्पताल से पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल ले जाया गया।
मुंबई पुलिस ने हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहला आरोपी करनैल सिंह हरियाणा का रहने वाला है और धर्मराज कश्यप उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हमलावर एक बाइक पर सवार होकर आए थे।
लीलावती अस्पताल के डॉ. नीरज उत्तमानी ने बताया उन्हें 12 अक्टूबर को रात 9.30 बजे आपातकालीन चिकित्सा सेवा में लाया गया था। उनकी हालत बहुत खराब थी। उनकी नब्ज और हृदय गति नहीं चल रही थी। गोली लगने के घाव भी थे। उन्हें होश में लाने के लिए और प्रयास किए गए। सभी प्रयासों के बावजूद हम उन्हें होश में नहीं ला पाए और 12 अक्टूबर को रात 11.27 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।