
शिमला। छुट्टियां मनाने के लिए शिमला पहुंचीं कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें आईजीएमसी शिमला में भर्ती किया गया। सोनिया गांधी को चेकअप और टेस्ट करवाने के बाद आईजीएमसी से छुट्टी मिल गई। सोनिया गांधी अपनी बेटी एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के छराबड़ा स्थित घर में ठहरी हुई हैं। यह उनका शिमला का निजी दौरा है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को कुछ मामूली स्वास्थ्य समस्याओं के कारण नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उनकी जांच की। उनकी हालत स्थिर है। राज्यसभा सदस्य सोनिया गांधी शनिवार को आईजीएमसी पहुंची। यहां पर उनको रेडियोलॉजि विभाग ले जाया गया। जहां पर उनका एमआरआई किया गया। यह पहली बार नहीं है जब सोनिया गांधी को रुटीन चेकअप के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया हो। लगभग 3 माह पहले भी सोनिया गांधी को सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय भी कांग्रेस नेता नियमित जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।