जयपुर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गलवान घटना के बाद अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच मुठभेड़ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी सरकार पर तीखा हमला बोला है। भारत जोडो यात्रा पर निकले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है और इस खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भारत सरकार इस खतरे से आंखे मूंदे हुए है। जो कोई भी इन बातों को समझता है वो देख सकता है कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा हैं। हिंदुस्तान की सरकार इवेंट बेस्ड काम करती है। इंटरनेशनल मसले इवेंट नहीं, शक्ति काम करती है. मैंने तीन-चार बार बोला है. उसे समझना चाहिए। सिर्फ विदेश मंत्री के बयान आते रहते हैं। विदेश मंत्री को अपनी समझ गहरी करना चाहिए।
राहुल गांधी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मैं चीन के खतरे को साफ तौर पर देख सकता हूं। मैं पिछले दो-तीन साल से इस मुद्दे पर स्पष्ट हूं, लेकिन सरकार इसे छिपाने और नजरअंदाज करने की कोशिश कर रही है। इस खतरे को न तो छुपाया जा सकता है और न ही नजरअंदाज किया जा सकता है। चीन अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख में अपनी पूरी आक्रामक तैयारी में है जबकि भारत सरकार सोई हुई है। जबकि चीन की यह तैयारी घुसपैठ की नहीं बल्कि युद्ध की है।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के सभी विधायक शामिल हुए। इन विधायकों ने शुक्रवार को 14 किलोमीटर तक पैदल सफर किया। यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर राजस्थान के दौसा में राहुल गांधी के साथ विधायकों ने साढ़े चार घंटे का सफर किया। यात्रा में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और प्रभारी राजीव शुक्ला भी शामिल हुए। शाम को विशेष बस से सभी विधायक दिल्ली पहुंचे। शनिवार को दिल्ली में थकान मिटाकर रविवार सुबह सभी विधायक शिमला के लिए रवाना होंगे।