
ग़ज़ल
-शकूर अनवर-

खॅंडर दिल के हालात अच्छे नहीं हैं।
मुसाफ़िर अब इसमें ठहरते नहीं हैं।।
*
न हो जिसमें ख़ुद को बदलने की ख़्वाहिश।
सितारे भी उसके बदलते नहीं हैं।।
*
अभी धूप का रक़्स* है आसमाॅं पर।
अभी आसमाॅं पर परिंदे नहीं हैं।।
*
बहुत ख़ुश हूॅं मिलने का वादा है उनका।
मगर वो जो कहते हैं करते नहीं हैं।।
*
सिफ़त* मोम की उनमें आये कहाॅं से।
सनम पत्थरों के पिघलते नहीं हैं।।
*
मुहब्बत की झनकार बाक़ी है इनमें।
अभी दिल के कुछ तार टूटे नहीं हैं।।
*
अगरचे ज़माना है अच्छे दिनों का।
हमारे तो दिन फिर भी अच्छे नहीं हैं।।
*
समंदर को दुख है तो बस इतना “अनवर”।
जिन्हें डूबना था वो डूबे नहीं हैं।।
*
रक्स*नृत्य
सिफ़त*विशेषता गुण
*
शकूर अनवर
पता: शमीम मंज़िल सेठानी चौक
श्रीपुरा कोटा 324006 राज
Mob 9460851271