किताब का आना

book00

-रामस्वरूप दीक्षित-

ram swaroop dixit
रामस्वरूप दीक्षित

किसी कवि
या लेखक की
किताब का आना

आना है उसका खुद के पास
शब्दों की काया में

हमारे ही शब्द जब लौटकर आते हैं हमारे पास
तो लगता है जैसे हमारा वजूद
लौट आया हो हममें

किताब की शक्ल अख्तियार कर
हमारे शब्द फिर कहने भर को ही
रह जाते हैं हमारे

वास्तव में वे होने जा रहे होते हैं सबके
शब्द की सार्थकता
एक से होते हुए अनेक का हो जाने में ही तो है

खुशबू होने भर को ही होती है फूल की
होती वह हर पास से गुजरने वाले की है

किताब का आना
आना है ऐसे मेहमान का
जो बना रहता है
पूरे हक के साथ
हमारे घर में
हमारे न रहने के बाद भी

हमारे न रहने पर होती है
इसकी और भी पूंछ परख

हमारी याद आने पर
घर के लोग आते हैं इस मेहमान के पास
और बैठकर बतियाते हैं हमारे बारे में

घर के लोग ताज्जुब करते हैं
कि मेहमान हमें उनसे भी ज्यादा
उनसे भी गहरे से जानता है

हम किन परिस्थितियों में
कितने बचे कितने टूटे
कितने बहाये आँसू
कितनी ली कब हिचकियाँ
और कब हंस पड़े ठठाकर

हमने किन किन से किया प्रेम
और कितना
और बदले में मिला कितना
याकि सिफर ही आया हाथ

किनसे की किस तरह की घृणा
कब कब बोले कितना सच
कितना झूठ

वे सभी बातें
जो हमने कभी नहीं बताईं कभी
घरवालों को
वे बताता है ये मेहमान

किताब का आना
हमारे जाने के बाद भी
हमारे बने रहने की इत्तला है

रामस्वरूप दीक्षित

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments