
-देवेंद्र यादव-

इंडिया गठबंधन के नेता राहुल गांधी तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव ने 2025 में मगध को जीतने के बाद 2027 में अवध को जीतने की बिहार की धरती से आधारशिला रख दी है।
बिहार में राहुल गांधी की वोटर का अधिकार यात्रा में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 30 अगस्त शनिवार के दिन शामिल हुए। अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन ने 2024 में अवध को जीता था और 2025 में मगध को जीतेगा। इसके बाद 2027 में पूरे उत्तर प्रदेश को जीतेगा। 2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की जोड़ी हिट हुई थी। राहुल और अखिलेश की जोड़ी ने लगातार 2014 में पूर्ण बहुमत और 2019 में प्रचंड बहुमत के साथ जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी को 2024 के लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के लिए भी लाचार कर दिया। भारतीय जनता पार्टी को चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार की पार्टियों से समर्थन लेने को मजबूर किया। राहुल गांधी की वोट के अधिकार यात्रा में अखिलेश यादव और राहुल गांधी को एक साथ देखकर, 2024 का लोकसभा चुनाव याद आ गया जब दोनों नेता उत्तर प्रदेश की सड़कों पर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ संविधान बचाओ आरक्षण बचाओ का नारा लेकर चुनावी मैदान में उतरे थे। राहुल और अखिलेश की जोड़ी ने भाजपा को उत्तर प्रदेश में करारी शिकस्त दी थी। जिसकी कसक भारतीय जनता पार्टी को आज भी महसूस हो रही है। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार के कारण भाजपा को 2024 के लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत नहीं मिल पाया था। भाजपा 240 सीटों पर सिमट गई। क्या राहुल गांधी का मिशन 2025 मैं बिहार को जीतने के बाद 2027 में उत्तर प्रदेश को जीतने का है। जिसकी बुनियाद 30 अगस्त को राहुल गांधी और अखिलेश यादव की जोड़ी ने बिहार के भीतर रख दी है। जहां तक राहुल गांधी की वोटर के अधिकार यात्रा की कामयाबी की बात करें तो बिहार में आंधी पूर्णिया और सुपौल के बाद तेजी से चली। इसकी वजह, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव और राजद नेता तेजस्वी यादव का भरत मिलाप रहा। लंबे समय से राजनीतिक गलियारों और मीडिया के भीतर पप्पू यादव और तेजस्वी यादव के बीच राजनीतिक खटास के समाचार सुनाई दे रहे थे। मगर जैसे ही राहुल गांधी की यात्रा पप्पू यादव के संसदीय क्षेत्र पूर्णिया पहुंची वहां बिहार और देश की जनता ने पप्पू यादव और तेजस्वी यादव के बीच भारत मिलाप होते हुए देखा इसके बाद छपरा में, यादवों के तीन लाल उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को राहुल गांधी यात्रा में एक साथ देखा और राहुल गांधी की यात्रा के अंतिम दिन वोट के अधिकार यात्रा ने अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। यह लेखक के निजी विचार हैं)