
मुबई। महाराष्ट्र में सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है। भाजपा कोर कमेटी ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भाजपा विधायक दल का नेता चुना। कोर कमेटी की बैठक में महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में पार्टी को जीत मिली है। सभी ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा। जनता ने खुलकर वोट दिया। फडणवीस, शिवसेना और एनसीपी के नेताओं के साथ, सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए आज राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन से मिलेंगे। महाराष्ट्र में भाजपा नेताओं ने नई महायुति सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारियों के साथ मंगलवार (3 दिसंबर) को एक बैठक की। भाजपा, शिवसेना और एनसीपी के महायुति गठबंधन के नेताओं ने 5 दिसंबर को होने वाले मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों की देखरेख के लिए मुंबई के आजाद मैदान का दौरा किया। यह समारोह विधानसभा चुनावों में महायुति गठबंधन की भारी जीत के बाद महाराष्ट्र में नई सरकार की शुरुआत का प्रतीक होगा।
मुंबई में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की मौजूदगी में हुई बैठक में देवेंद्र फडणवीस को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। कोर कमेटी के बाद भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी नेता चंद्रकांत पाटिल और सुधीर मुनगांटीवार ने फडणवीस के नाम का प्रस्ताव रखा। इस पर सभी विधायकों ने उन्हें सर्वसम्मति से अपना नेता चुना।
केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में महाराष्ट्र विधानसभा भवन में विधायक दल की बैठक हुई। पांच दिसंबर को शाम पांच बजे दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री की मौजूदगी में देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।