
-राजेन्द्र सिह जादौन-
चंडीगढ़। हरियाणा में बीजेपी की पहली सूची आने के चौबीस घंटो में तीन दर्जन नेताओं ने भाजपा छोड़ी
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची आने के चौबीस घंटो के अंदर ही तीन दर्जन नेताओ ने पार्टी को अलविदा कह दिया। इनमे भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री कर्णदेव कांबोज, रतिया से विधायक लक्ष्मण नापा शामिल है। टिकट कटने से भावुक हुए पूर्व मंत्री बिशंभर वाल्मीकि और कविता जैन तो फूट-फूटकर रोए। इसके साथ ही सीएम नायब सैनी डैमेज कंट्रोल में जुट गए।
भाजपा ने हरियाणा विधानसभा की कुल 90 सीट के चुनाव के लिए बुधवार देर शाम पहली सूची में 67 प्रत्याशी घोषित किए थे। सूची जारी होने के साथ ही टिकट न मिलने या टिकट कटने से निराश नेताओ ने पार्टी छोड़ना शुरू कर दिया था। हरियाणा विधानसभा की 90 सीटो के चुनाव के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होगा। मतगणना आठ अक्टूबर को होगी। प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा तीसरी बार भी सत्ता हासिल करना चाहती है। लेकिन 24 घंटे में 32 बड़े चेहरों ने पार्टी को अलविदा कह दिया । इनमें 1 मंत्री, 1 विधायक, 5 पूर्व विधायक भी शामिल हैं। प्रदेश में रानियां, महम, बाढड़ा, थानेसर, उकलाना, सफीदों, पृथला, रेवाड़ी, इसराना, हिसार, समालखा विधानसभा क्षेत्रो में बगावत दिखी।
हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत चौटाला ने समर्थकों की मीटिंग बुला कर पार्टी से इस्तीफा दिया और निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की। वहीं, देश की चौथी सबसे अमीर महिला एवं भाजपा सांसद नवीन जिंदल की मां सावित्री जिंदल ने भी आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। सिरसा के रानियां से ऊर्जा मंत्री रणजीत चौटाला ने इस्तीफा दिया है। रणजीत ने कहा कि भाजपा हाईकमान ने मुझे डबवाली से चुनाव लड़ने के लिए कहा था, लेकिन मैं वहां से नहीं लड़ना चाहता। मैं इसी समय पार्टी छोड़ रहा हूं। 90 फीसदी तय है कि रानियां विधानसभा से निर्दलीय ही चुनाव लड़ूंगा। आगामी 8 सितंबर को रानियां में बड़ा रोड शो निकालकर भाजपा को अपनी ताकत दिखाऊंगा।
रणजीत चौटाला पूर्व डिप्टी पीएम चौधरी देवीलाल के बेटे हैं। भाजपा ने उन्हें लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी में शामिल कर हिसार से चुनाव लड़ाया था। हालांकि वे चुनाव हार गए। इसके बाद वह सिरसा के रानियां से अपनी विधानसभा सीट पर फिर टिकट मांग रहे थे।
फतेहाबाद की रतिया विधानसभा सीट से भाजपा विधायक लक्ष्मण नापा ने टिकट कटने पर पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने टिकट की घोषणा के बाद आधी रात को ही अपना इस्तीफा पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली को भेज दिया। इसके बाद वह दिल्ली स्थित पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर पहुंच गए। वहां उन्हें कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान और हुड्डा ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।
ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री करणदेव कांबोज ने पार्टी छोड़ दी। सीएम नायब सैनी कांबोज को मनाने पहुंचे।
इनके अलावा हिसार के बरवाला में जिला पार्षद महंत दर्शनगिरी ने इस्तीफा दिया निर्दलीय लड़ेंगे। हिसार से गौतम सरदाना, पूर्व मेयर, ने भाजपा से इस्तीफा दिया।परिवार पहचान पत्र प्रोजेक्ट के राज्य समन्वयक डॉ सतीश खोला ने बीजेपी छोड़ी। तरूण जैन ने हिसार से निर्दलीय चुनाव लड़ने का किया ऐलान। हिसार के उकलाना में पूर्व प्रत्याशी सीमा गैबीपुर ने इस्तीफा दिया। हिसार के उकलाना में बीजेपी के वरिष्ठ नेता शमशेर गिल ने पार्टी छोड़ी।
-गुरुग्राम से नवीन गोयल ने दिया बीजेपी से इस्तीफा। सोनीपत- भाजपा जिला उपाध्यक्ष व पार्षद इंदु वलेचा के पति पूर्व पार्षद संजीव वलेचा ने भी छोड़ी भाजपा। गुरुग्राम -पंडित जीएल शर्मा ने बीजेपी छोड़ी।
सोनीपत से बीजेपी युवा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं विधानसभा चुनाव प्रभारी अमित जैन ने इस्तीफा दिया। पानीपत में पूर्व जिला परिषद चेयरपर्सन आशु सत्यवान शेरा ने जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट़्ट को अपना इस्तीफा सौंपा। रेवाड़ी में सुनील राव ने पार्टी छोड़ दी। रोहतक में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष एवं विधानसभा संयोजक फतेह सिंह,बहु अकबरपुर मंडल अध्यक्ष हरेंद्र मोखरा,किसान मोर्चा महम मंडल अध्यक्ष विकास सिवाच,मंडल महामंत्री मुकेश कुमार, महम मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच रोहताश, लाखनमाजरा से भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन उप्पल, महम मंडल के महामंत्री राकेश कुमार ने इस्तीफा दिया। रेवाड़ी में प्रशांत उर्फ सन्नी यादव, बवानी खेड़ा से हरियाणा प्रदेश घुमन्तु प्रकोष्ठ के मीडिया प्रभारी सुरेश ओड ने पार्टी छोड़ी
हिसार की उकलाना रिजर्व सीट से जेजेपी के पूर्व विधायक अनूप धानक को टिकट देने से नाराज पार्टी के नेता शमशेर गिल और पूर्व उम्मीदवार सीमा गैबीपुर ने भी पार्टी छोड़ दी है। हिसार में कमल गुप्ता को टिकट मिलने से भाजपा जिला उपाध्यक्ष तरूण जैन ने बगावत कर दी हैं। सोनीपत से भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक संजय ठेकेदार ने भाजपा छोड़ दी है। चरखी दादरी के बाढड़ा सीट से विधायक रहे सुखविंद्र श्योराण ने प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा के पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके अलावा परिवार पहचान पत्र के स्टेट कोऑर्डिनेट सतीश खोला भी बगावत पर उतर आए हैं।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। यह लेखक के निजी विचार हैं।)