
-राजेन्द्र सिंह जादौन-
चंडीगढ़। हरियाणा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का फॉर्मूला तय कर लिया गया है और जल्दी ही औपचारिक घोषणा किए जाने की संभावना है।फॉर्मूले के अनुसार आम आदमी पार्टी को कांग्रेस पांच या छह विधानसभा सीट दे सकती है।
हरियाणा में आम आदमी पार्टी दूसरी बार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है। वर्ष 2019में पार्टी ने कुल नब्बे में से 46 विधानसभा सीटों पर चुनाव लडा था लेकिन एक फीसदी से भी कम वोट हासिल कर पाई थी। लोकसभा चुनाव 2024 में पार्टी ने इंडिया गठबंधन के तहत हरियाणा में कांग्रेस के साथ मिलकर एक सीट पर चुनाव लडा था और तीन फीसदी से अधिक वोट हासिल किए थे।
सूत्रों के अनुसार शनिवार शाम को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया के बीच बैठक सकारात्मक माहौल में हुई ।. बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी को जींद, कलायत, पानीपत ग्रामीण, पेहोवा, फरीदाबाद और गुरुग्राम सीट मिल सकती है।सूत्रों का कहना है कि माहौल को देखते हुए जहां एक तरफ आम आदमी पार्टी हर हाल में गठबंधन चाहती है वहीं राहुल गांधी की पहल के मद्देनजर कांग्रेस नेताओं के सामने भी दूसरा विकल्प नहीं है। ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही गठबंधन का ऐलान हो जाएगा। कांग्रेस के सीनियर नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हरियाणा कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक में हरियाणा विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर दिलचस्पी दिखाई थी। हालांकि उन्होंने अंतिम फैसला प्रदेश के नेताओं पर छोड़ दिया था। तब से ही चर्चा चल रही है कि दोनों दलों के बीच गठबंधन हो सकता है. हालांकि बीच-बीच में सीट को लेकर तकरार की बात भी सामने आती रही है।