
-एकता मिश्रा-
सूरत। गुजरात चुनाव को लेकर सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है। पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत भाजपा के कई दिग्गज नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव लडने से इनकार कर दिया हैं। इनमें पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल भी शामिल हैं। ढाई दशक से गुजरात की सत्ता में काबिज भाजपा को इस बार एंटी इनकंबेसी का खतरा महसूस हो रहा था। इस वजह से बडी संख्या में सिटिंग एमएलए के टिकट जाने की चर्चा थी। इसके अलावा कई प्रमुख नेताओं को भी टिकट नहीं देने की चर्चा जोरों पर थीं। लेकिन भाजपा हाई कमान द्वारा टिकटों पर फैसले से पूर्व ही कई दिग्गजों ने चुनाव मैदान से हटने की घोषणा कर दी। सूरत में भाजपा संगठन के सूत्रों ने बताया कि जिनके टिकट कटने थे उनको पहले ही संकेत दे दिए गए थे। संभावना यही है कि अभी जिन नेताओं ने होड से हटने की घोषणा की है उन्हें टिकट नहीं मिलने की आशंका थी। इस वजह से सम्मानजनक तरीके से उन्होंने खुद ही इनकार कर दिया है।
नितिन पटेल ने तो प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और नवसारी सांसद सीआर पाटिल को खत लिखकर कह दिया है कि वह गुजरात विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ना चाहते।
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि मैंने सभी के सहयोग से पांच साल सीएम के रूप में काम किया। इन चुनावों में नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाए। मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा। मैंने राष्टीय स्तर पर वरिष्ठ नेताओं कों को पत्र भेजकर अपने फैसले से अवगत करा दिया है। हम चुने हुए उम्मीदवार को जिताने के लिए काम करेंगे। नितिन पटेल ने कहा कि इस बार नए कार्यकर्ताओं को मौका देने के लिए मैं और विजय रुपाणी चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।
इन दोनों के अलावा कुछ अन्य भी नाम सामने आए हैं जिन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। इनमें विजय रुपाणी सरकार के मंत्री मंडल में शिक्षा और राजस्व मंत्री रहे भुपेन्द्र सिंह चुडासमा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके साथ ही विजय रूपानी सरकार में मंत्री रहे सौरभ पटेल और प्रदीपसिंह जडेजा के भी चुनाव लड़ने की संभावना नहीं है।