जन आक्रोश यात्रा को लेकर भाजपा नेताओं की बैठक सम्पन्न

-यात्रा के जिला प्रभारी संजीव भारद्वाज एवं संयोजक हिरेन्द्र शर्मा ने तैयारी एवं यात्रा मार्ग के बारे में की प्रेस वार्ता -सांगोद 4 दिसम्बर, रविवार को भीमपुरा माताजी से प्रारम्भ होगी जन आक्रोश यात्रा’ -कनवास से पैदल मार्च कर राहुल गांधी को ज्ञापन देंगे भाजपा कार्यकर्ता

-दुष्यन्त सिंह गहलोत-

कोटा। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान प्रदेश की ओर से प्रत्येक विधानसभा में निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा को लेकर सांगोद विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ चौतन्य हनुमान मन्दिर सांगोद में बैठक आयोजित कर मीडिया से प्रेस वार्ता की गयी। भाजपा की जन आक्रोश यात्रा को लेकर सांगोद विधानसभा के पदाधिकारियों की बैठक में जन आक्रोश यात्रा के जिला प्रभारी संजीव भारद्वाज एवं जिला संयोजक हिरेन्द्र शर्मा ने यात्रा की तैयारियों को लेकर चर्चा की और सांगोद विधानसभा में निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा का रूट चार्ट कार्यकर्ताओं को बताया गया।
संयोजक हिरेन्द्र शर्मा ने बताया कि सांगोद विधानसभा में निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा 04 दिसम्बर, रविवार से भीमपुरा माताजी दीगोद मण्डल से प्रारम्भ होकर सांगोद विधानसभा की कई ग्राम पंचायतों एवं गांवों में होती हुई 13 दिसम्बर, मंगलवार को सांगोद नगर में पहुंचकर नगर भ्रमण के साथ यात्रा का समापन होगा। शर्मा ने बताया कि सांगोद विधानसभा की जन आक्रोश यात्रा को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा 04 दिसम्बर, रविवार को प्रातः 09 बजे भीमपुरा माताजी पहुंचकर जन आक्रोश यात्रा रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे।

सांगोद विधानसभा के भाजपा पदाधिकारियों की बैठक के दौरान यात्रा के रूट चार्ट को लेकर मण्डल प्रभारी एवं सहप्रभारी की नियुक्तियां की गयी, जिसमें सांगोद पंचायत समिति के प्रभारी सांगोद प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं एवं सहप्रभारी उपप्रधान ओम नागर अडूसा को लगाया गया। इसी तरह मनीष शर्मा जिला उपाध्यक्ष को सीमलिया मण्डल में प्रभारी एवं गिरिराज तिवारी को सहप्रभारी, सांगोद नगर मण्डल में पार्षद कृष्णकुमार गर्ग को प्रभारी, सांगोद देहात मण्डल में हरिशंकर नागर को प्रभारी, बपावर मण्डल में जिला परिषद सदस्य किशनचन्द गुप्ता लाला को प्रभारी, देवली मण्डल में जिला परिषद सदस्य अंजना मीणा को प्रभारी व पूर्व उपप्रधान नन्दकिशोर मालव को सहप्रभारी लगाया। इसी तरह कनवास मण्डल में कौशल सोनी पूर्व मण्डल अध्यक्ष को प्रभारी लगाया एवं दीगोद मण्डल में राजनीता मेघवाल जिला परिषद सदस्य को प्रभारी लगाया गया।

इस दौरान जिला प्रभारी संजीव भारद्वाज ने सभी पदाधिकारियों को जन आक्रोश यात्रा के दौरान दी गयी जिम्मेदारियों का निष्ठा से निर्वहन करने व कार्यकर्ताओं को लाने की जिम्मेदारी दी गयी। बैठक के दौरान सांगोद के पूर्व विधायक एवं किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष हीरालाल नागर, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष मुकुट नागर, जन आक्रोश यात्रा के जिला प्रभारी संजीव भारद्वाज, जिला संयोजक हिरेन्द्र शर्मा, विधानसभा संयोजक डॉ. एल.एन. शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनीष शर्मा, सांगोद नगर मण्डल अध्यक्ष गोपाल सोनी, सांगोद देहात मण्डल अध्यक्ष कालूलाल मीणा, बपावर मण्डल अध्यक्ष कृष्णमुरारी यादव, नगर पालिका सांगोद के नेता प्रतिपक्ष रामावतार खटीक, पार्षद कृष्णकुमार गर्ग सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।

 

राहुल गांधी के दरा आगमन पर भाजपा किसान मोर्चा कर्ज माफी के वादे को याद दिलायेगा

राजस्थान में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने किसानों को उंगलियों पर दिन गिनवाते हुए 10 दिन के अन्दर किसानों का कर्जा माफ करने का वादा किया था। लेकिन यहां हजारों ऐसे किसान है जो अब भी उस वादे को पूरा करने का इन्तजार कर रहे हैं। पूर्व विधायक हीरालाल नागर ने 04 दिसम्बर को राजस्थान में आ रही भारत जोड़ो यात्रा का विरोध करते हुए कहा कि राहुल गांधी राजस्थान में किसानों से वादा करके गये थे कि 10 दिन के अन्दर किसानों का कर्जा माफ होगा। राजस्थान में पिछले चार वर्षों से कांग्रेस की सरकार काम कर रही है। कभी किसानों के लिये विशेष बजट लाती है, तो कभी किसान हित की बात करती है। परन्तु किसानों के लिये आज तक कांग्रेस सरकार ने कुछ नहीं दिया है। सरकार के अकुशल प्रबन्धन के कारण किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रहा है। खाद के लिये किसानों को लाठियां खानी पड़ रही है। किसानों को 8 घण्टे बिजली देने का वादा करने वाली सरकार अपने वादे को भूल चुकी है। किसानों को भरी सर्दी में रात के समय बिजली दी जा रही है, वो भी 4 से 6 घण्टे ही बिजली मिल पा रही है। नागर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की ओर से राहुल गांधी के आगमन पर दरां मोरूकलां में किसानों का कर्ज माफ करने के लिये कनवास से पैदल मार्च कर दरां में ज्ञापन दिया जायेगा और उनके द्वारा किये गये वादे को पुनः याद दिलाकर किसानों का कर्जा माफ करने की मांग की जायेगी।

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments