नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को नई दिल्ली में चुनाव आयोग में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग को दी शिकायत में कहा कि सोनिया गांधी ने जानबूझकर संप्रभुता शब्द का इस्तेमाल किया है।
केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र टुकड़े-टुकड़े गैंग का एजेंडा है और इसलिए वे इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि चुनाव आयोग इस राष्ट्र विरोधी कृत्य के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि आज हमने चुनाव आयोग को सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दी। उन्होंने हुबली में एक भाषण दिया जिसमें उन्होंने कर्नाटक की संप्रभुता के बारे में बात की। हम देश के लिए संप्रभुता का उपयोग करते हैं। वह टुकड़े-टुकड़े गैंग की मुखिया है। हमने मांग की कि उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए।
इससे पूर्व संप्रभुता शब्द को लेकर कर्नाटक विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रचार के दौरान गांधी परिवार पर वार किया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस का शाही परिवार मर्यादा तोड़कर आगे बढ़ा है। कांग्रेस के शाही परिवार ने कहा है कि कर्नाटक की संप्रभुता की रक्षा करना चाहते हैं। क्या आपको पता है कि संप्रभुता का अर्थ क्या होता है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस कर्नाटक को भारत से अलग मानती है। कांग्रेस खुलकर कर्नाटक को भारत से अलग करने की वकालत कर रही है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस आती है तो आतंकवादियों, अपराधियों के हौसले बुलंद हो जाते हैं। कांग्रेस राज में आतंकी और अपराधी आश्वस्त होते हैं कि कांग्रेस का हाथ उन पर है। हमने बार-बार देखा है कि तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस आतंकियों के समर्थन में भी सरेआम उतर आती है।
पीएम मोदी ने कहा कि जब भारत के हितों के खिलाफ काम करने की बात आती है तो कांग्रेस पार्टी की रॉयल फैमिली या शाही परिवार सबसे आगे रहता है। ये खुले तौर पर भारत में राजनीति को प्रभावित करने के लिए विदेशी शक्तियों को दखल देने के लिए उकसाते हैं। इस चुनाव में अब कांग्रेस के शाही परिवार ने कहा है कि वो कर्नाटक की संप्रभुता की रक्षा करना चाहते हैं। जब कोई देश आजाद हो जाता है तो उसे संप्रभु राष्ट्र कहते हैं। इसका मतलब है कि कांग्रेस खुलकर कर्नाटक को भारत से अलग करने की वकालत कर रही है। टुकड़े-टुकड़े गैंग की बीमारी कांग्रेस में इतनी ऊपर तक पहुंच जाएगी, मैंने सोचा नहीं था।