
मुंबई। सडक हादसे से उद्योगजगत की एक जानी-मानी हस्ती को छीन लिया। टाटा सन्स के पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री का रविवार दोपहर पालघर में एक सड़क हादसे में निधन हो गया। वे मर्सिडीज कार से अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे। उनके निधन के बाद उद्योग जगत में शोक की लहर दौड़ गई। टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने मिस्त्री के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनमें जीवन के लिए जुनून था और ये दुखद है कि इतनी कम उम्र में उनका निधन हो गया।
सायरस टाटा ग्रुप के छठे चेयरमैन थे। कुछ विवादों के चलते चार साल के अंदर ही उन्हें चेयरमैन पद से हटा दिया गया था। इसके बाद खुद रतन टाटा ने अंतरिम चेयरमैन का पद संभाला था। बाद में 2017 में एन चंद्रशेखरन को यह पद दिया गया। साइरस मिस्त्री के पिता पलोनजी मिस्त्री भारतीय मूल के सफल कारोबारियों में से एक रहे हैं। पलोनजी मिस्त्री ग्रुप का कारोबार कपड़े से लेकर रियल एस्टेट, हॉस्पिटेलिटी और बिजनेस ऑटोमेशन तक फैला हुआ है।
पलोनजी मिस्त्री के परिवार को जानिए
साइरस मिस्त्री भारतीय मूल के चर्चित उद्योगपति पलोनजी शापूरजी मिस्त्री के सबसे छोटे बेटे थे। पलोनजी मिस्त्री ने आयरिश महिला से शादी की और बाद में आयरलैंड के ही नागरिक हो गए। साइरस मिस्त्री का जन्म भी आयरलैंड में हुआ था।