
मंडया (कर्नाटक)।
राहुल गांधी ने विश्वास व्यक्त किया है कि कांग्रेस कर्नाटक में अगले विधानसभा चुनाव अपने दम पर जीतने में सक्षम होगी। भारत जोडो यात्रा के तहत कर्नाटक में मिल रही सफलता से उत्साहित राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सक्षम है।
उन्होंने कहा कि भारत जोडो यात्रा के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि राजनीतिज्ञों तथा आम जन के बीच कितनी ज्यादा दूरी हो चुकी है इसका अहसास उन्हें इस यात्रा के दौरान हुआ।
राहुल गांधी ने कहा कि मैं इस यात्रा को एक बहुत शक्तिशाली अनुभव मानता हूं। जब आप सड़क पर चल रहे होते हैं और पीड़ित लोगों से बात कर रहे होते हैं तो संचार बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि लोग उनसे मिलने पर अपने विचार साझा करने के लिए उत्सुक रहते हैं। गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर भी हमला किया और उन्हें देश में हिंसा और नफरत फैलाने के लिए आरोपी ठहराया। उन्होंने कहा कि देश में ऐसी राजनीति की जा रही है जिससे देश के लोग थक चुके हैं। केंद्र सरकार के पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) पर प्रतिबंध के फैसले पर राहुल गांधी ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन नफरत फैला रहा है और न ही वे किस समुदाय से हैं। उन्होंने कहा कि घृणा फैलाना एक राष्ट्र विरोधी कार्य है और हम ऐसा करने वाले हर व्यक्ति से लड़ेंगे।