
– 10 किमी में गजेन्द्र व अंशु अव्वल, तिरंगा रन में शहरवासियों में दिखा उत्साह
– 1100 से अधिक धावक हुए शामिल
कोटा. शहर में तीन साल बाद हुई हाफ मैराथन में शहरवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सुबह सूरज उगने से पहले से ही धावकों का पहुंचना शुरू हो गया। श्रीनाथपुरम स्टेडियम के आस-पास बड़ी संख्या में धावक तड़के ही पहुंचे। तिरंगा रन को एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. बृजेश माहेश्वरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। धावकों के साथ-साथ शहरवासियों ने इस दौड़ का आनन्द लिया। 21 किमी हाफ मैराथन में हिमांशु धाकड़ व महिला वर्ग में सोनिका विजेता रही। इसके साथ ही 10 किलोमीटर की दौड़ में गजेन्द्र सिंह एवं महिला वर्ग में अंशु खंडेलवाल विजेता रहे। प्रतिस्पर्धी दौड़ के साथ-साथ 5 किलोमीटर की दौड़ में भी बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। वहीं अंतिम दिन शहरवासियों को निशुल्क रजिस्ट्रेशन के साथ घोषणा की गई 3 किलोमीटर की ड्रीम रन में भी बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। दौड़ में 1100 से अधिक धावक दौड़े। दौड़ में विभिन्न वर्गों में 40 से अधिक प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
तिरंगा रन में सैकड़ों धावक हाथों में तिरंगा लिए भी दौड़े। दौड़ने वालों में महिला पुरुषों के साथ-साथ बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। कई दम्पती भी इस दौड़ में शामिल हुए, जिसमें एडिशनल एसपी पारस जैन सहित कई अन्य शामिल थे। दौड़ में डाॅ.राकेश जिंदल, एएसपी भगवत सिंह हिंगड़, डाॅ.आर पी मीणा, डॉ अशोक शारदा, वाइब्रेंट इंस्टीट्यूट के निदेशक एमएस चैहान एवं नरेंद्र अवस्थी सहित कई गणमान्य शहरवासियों ने दौड़ पूरी की।
इसके साथ ही 10 वर्ष के हर्ष सिंह शक्तावत ने 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन पूरी की। वहीं 8 वर्ष के विराज पालीवाल ने 10 किलोमीटर, 5 वर्ष की वेदा पालीवाल ने 5 किमी दौड़ पूरी की।
तिरंगा रन संयोजक डॉ सुबोध जैन व आयरन मैन मृगेश गुप्ता ने बताया कि तिरंगा रन प्रातः 6ः30 बजे श्रीनाथपुरम स्टेडियम से प्रारंभ हुई, जो कि श्रीनाथपुरम स्टेडियम से शुरू होकर कोटा डेयरी, रावतभाटा रोड, बीपीसीएल पैट्रोल पंप, घटोत्कच सर्किल होते हुए श्रीनाथपुरम स्टेडियम पर संपूर्ण हुई। तिरंगा रंग अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन से पंकज सेठी ने बताया कि प्रतिभागियों को एक दिन पूर्व प्रीमियम तिरंगा रन टी-शर्ट, नाइट विजन गोगल्स, प्रोटीन बार, कुकीज, विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों के गिफ्ट वाउचर डिस्काउंट कूपंस, रजिस्ट्रेशन के साथ उपहार स्वरूप दिए गए। हाफ मैराथन को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन कोटा ब्रांच, रोटरी क्लब, जेसीआई, एसएसआई,, जैन सोशल ग्रुप सहित कई सामाजिक, शैक्षणिक संगठनों द्वारा समर्थन किया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी शामिल हुए। दौड़ शुरू होने से पहले धावकों और आमजन के मनोरंजन के लिए हेल्थ इवेंट किए गए, इसमें जुंबा, योग, फिजियोथैरेपी, म्यूजिक, डांस आदि गतिविधियां शामिल हैं। तिरंगा रंग में यादवेंद्र, पंकज सेठी, शक्ति सिंह, नितिन ,राहुल, अजय, जेसीआई से भावना, कोमल ,रामपाल सहित सभी वर्ग एवं सभी उम्र के कोटा वासियों ने पूरे जोश एवं उत्साह के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज की।















