
-कृष्ण बलदेव हाडा-

कोटा। राजस्थान के कोटा में एक ओर जहां दीपोत्सव के अवसर पर जल्दी ही बनकर तैयार होने जा रहे चंबल रिवर फ़्रंट के श्रमिक-कामगारों और उनके परिवारजनों के साथ दीपावली मनाने के लिए आज शाम नगरीय विकास एवं स्वायत्तशासन मंत्री शांति धारीवाल पहुंचे,वहीं जिला प्रशासन की ओर से शहर के मध्य में स्थित ऐतिहासिक किशोर सागर तालाब की पाल पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन कर समा बांध दिया गया।
नगरीय विकास मंत्री श्री धारीवाल ने रविवार शाम कोटा पहुंच कर निर्माणाधीन चंबल रिवर फ्रंट पर कार्य कर रहे मजदूरों के साथ दीपावली की खुशियां बांटी और उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने श्रमिकों को दीपावली की शुभकामनाएं दी तथा सभी को उपहार तथा मिठाई वितरित की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री धारीवाल ने कहा कि श्रमिक अपने घरों को छोड़ इस अद्भुत हेरिटेज रिवर फ्रंट को तैयार करने में जुटे हैं। रात-दिन मेहनत कर कोटा में एक नई इबारत लिखने जा रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि श्रमिक अपनी मेहनत और लगन से इस अनूठे रिवरफ्रंट को पूरा करें। नगरीय विकास मंत्री को अपने बीच पाकर श्रमिक फूले नहीं समाए। इस अवसर पर खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता,महापौर (उत्तर) मंजू मेहरा,महापौर (दक्षिण) राजीव अग्रवाल, संभागीय आयुक्त दीपक नंदी, जिला कलक्टर ओपी बुनकर,उप महापौर एवं अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इसके पहले आज दोपहर कोटा में निर्माण के अंतिम दौर में चल रहा चंबल रिवर फ्रंट के श्रमिकों-कामगारों एवं उनके परिवारजनों के लिए कोटा नगर विकास न्यास ने दीपावली के अवसर पर विशेष आयोजन किया। इस अवसर पर चंबल माता की पूजा-अर्चना की गई।
नगर विकास न्यास की ओर से चंबल रिवर फ्रंट पर आयोजित इस दीपावली मिलन एवं अभिप्रेरणा समारोह में कांग्रेस नेता अमित धारीवाल दीपावली उन श्रमिकों के बीच मनाने पहुंचे जो कोटा में विकसित किये जा रहे विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल चंबल रिवर फ्रंट में अपनी बेजोड़ कारीगरी से खूबसूरती के रंग भर रहे है। इस मौके पर अमित धारीवाल ने सभी श्रमिकों को दीपावली की शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व व्यास सचिव राजेश जोशी, मुख्य अभियंता ओपी वर्मा सहित अधिकारियों ने कामगारों के साथ चंबल माता की पूजा अर्चना कर सुख-समृद्धि, खुशहाली की कामना की।
समारोह में अमित धारीवाल ने कहा नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल के निर्देशन में कोटा में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं और विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल चंबल रिवर फ्रंट बनने जा रहा है। इन सब कार्यों में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज दीपावली का मौका है जब भी देश के विभिन्न राज्यों से यहां आये श्रमिक यहाँ रिवर फ़्रंट पर कार्य कर रहे है। इनकी दीपावली भी सबकी तरह खास हो इसलिए इनके बीच आज सामूहिक रूप से दीपावली मनाई जा रही है। इस मौके पर यहां सचिव राजेश जोशी,मुख्य लेखाधिकारी टीपी मीणा, मुख्य अभियंता ओपी वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं न्यास कर्मचारी मौजूद रहे।
कोटा में पहली बार पांच दिवसीय दीपोत्सव महोत्सव के अवसर पर आज शहर के मध्य में स्थित किशोर सागर तालाब की पाल पर बनी बारहदरी पर जिला प्रशासन की ओर से दीप दान और लोक कलाकारों की भव्य सांस्कृतिकसंध्या का आयोजन किया जिसने ऐसा समा बांधा कि वहां उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध करके रख दिया। मधुर संगीत की धुनों और लोक गायन को सुनकर लोग प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके।
राज्य सरकार की पहल पर जिला प्रशासन, नगर विकास न्यास, नगर निगम एवं पर्यटन विभाग के सहयोग से रूप चतुर्दशी पर किशोर सागर की पाल पहली बार हुए इस तरह के आयोजन में 21 हजार दीपकों की दमक, लोकरंग की धमक और आतिशबाजी से किशोर सागर का सौंदर्य दुल्हन सा निखर गया। इस अवसर पर दीपदान एवं चंबल की महा आरती भी की गई।
दीपोत्सव पर लोकरंग की प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया। कच्छी घोड़ी,भवई,चकरी, सहरिया नृत्यों की मनभावन प्रस्तुतियों से दीपोत्सव अनूठा बन पड़ा। दीपदान से किशोर सागर की पाल दीपावलियों से सज उठी। यहां रंगोली भी सजाई गई। लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के बाद विधिवत मंत्रोच्चार के साथ चंबल की महाआरती की गई। समारोह के अंत में भव्य आतिशबाजी की गई। आकाश में बिखरे आतिशी नजारों से किशोर सागर के नयनाभिराम सौंदर्य में चार चांद लग गए।