
-अशोक सैनी-
(स्वतंत्र पत्रकार)
कोटा। गंगापुर जूनियर और सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट (संस्थान) में एंप्लाइज यूनियन ने कब्जा जमा लिया है। यूनियन ने दोनों संस्थानों में सचिव और कोषाध्यक्ष सहित 18 में से 13 सीटें जीती। वहीं मजदूर संघ को सचिव और कोषाध्यक्ष पद गंवाने के बाद कार्यकारिणी की मात्र 5 सीटों पर संतोष करना पड़ा। सीनियर रेलवे संस्थान में यूनियन समर्थित वीरेंद्र मीणा ने मजदूर संघ के निवर्तमान सचिव विजेंद्र मीणा को 30 वोटों से हराया। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर भी यूनियन के ही भंवर सिंह कठेरिया विजयी रहे। इसके अलावा कार्यकारणी के लिए यूनियन के गणेश पाल मीणा, लोकेश मीणा, मदन मोहन मीणा तथा मुकेश मीणा ने जीत दर्ज की। वहीं मजदूर संघ की ओर से कार्यकारिणी के पद पर खड़े राम सिंह मीणा ,भीम सिंह मीणा तथा कमलेश मीण चुनाव जीतने में सफल रहे।
2 मतों से हारी मजदूर संघ
इसी तरह जूनियर रेलवे संस्थान में कांटे की टक्कर देखने को मिली। यूनियन समर्थित सचिव पद के दावेदार घनश्याम मीणा ने मजदूर संघ के मलखान सिंह को मात्र 2 वोटों से हराया। वही कोषाध्यक्ष पद पर यूनियन के प्रत्याशी चंद्रभान मीना ने सबसे बड़ी जीत दर्ज कराते हुए मजदूर संघ के दीवान सिंह गुर्जर को 79 वोटों से शिकस्त दे दी। कार्यकारिणी में 5 पदों पर यूनियन समर्थित अजय गुर्जर, मदन मोहन मीणा, मुकेश चंद मीणा, राजेश मीणा एवं विनोद मीना निर्वाचित घोषित किए गए। मजदूर संघ के मात्र दो उम्मीदवार करतार सिंह एवं भुरामल चुने गए।
सुबह 4:30 बजे घोषित हुए परिणाम
करीब 12 घंटे चली मतगणना के बाद सुबह करीब 4:30 बजे सभी परिणाम घोषित किए गए।
परिणाम घोषित होने के बाद रेलवे मजदूर संघ में जहां मार्ग से देखी गई वहां यूनियन खेमे में जश्न का माहौल नजर आया। जीतने के बाद यूनियन ने विजय जुलूस भी निकाला।
मजदूर संघ ने गंवाई 7 सीटें
नए चुनाव में मजदूर संघ ने सचिव और कोषाध्यक्ष पद सहित 7 सीटें गंवाई हैं। पहले मजदूर संघ के पास और कोषाध्यक्ष सहित 18 में से 12 सीटें थीं। 5 सीटों पर यूनियन का कब्जा था। नए चुनाव में बाजी पूरी तरह उलट गई।
जूनियर इंस्टिट्यूट में कोषाध्यक्ष सहित पांच सदस्य रेलवे मजदूर संघ के थे। वही सचिव सहित चार सदस्य एम्पलाई यूनियन के थे। इसी तरह सीनियर इंस्टिट्यूट में सचिव और कोषाध्यक्ष सहित सात सदस्य मजदूर संघ के थे और कार्यकारिणी के 2 सदस्य एंप्लाइज यूनियन के थे।