भाजपा का अंतर्कलह सामने आया, पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल आमंत्रित ही नहीं

जयपुर से विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के उपनेता राजेन्द्र राठौड़ को मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में बुलाया गया है।  वे ही मुख्य वक्ता होंगे, लेकिन इस आमसभा में इस विधानसभा क्षेत्र से पूर्व में विधायक रह चुके प्रहलाद गुंजल को स्थानीय पार्टी नेतृत्व ने आमंत्रित करना तक उचित नहीं समझा

-रामगंजमंडी विधानसभा की भाजपा जन आक्रोश आम सभा 28 दिसम्बर को

-कृष्ण बलदेव हाडा-

kbs hada
कृष्ण बलदेव हाडा

( वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार)

कोटा। राजस्थान में कांग्रेस पार्टी के अंतर्कलह को लेकर अकसर उस पर मजाकिया लहजे में टिप्पणी करते रहने वाली भारतीय जनता पार्टी के भीतर कितना अंतर्कलह घुला हुआ है,इसका उदाहरण है- कल कोटा में होने वाली भारतीय जनता पार्टी की जन आक्रोश आम सभा है।
कोटा जिले की रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की कल भारतीय जनता पार्टी ने जन आक्रोश आम सभा का आयोजन किया है। जिसमें तय एजेंड़े के अनुसार प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जमकर कोसा जायेगा और इसके लिए जयपुर से विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के उपनेता राजेन्द्र राठौड़ को मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में बुलाया गया है।  वे ही मुख्य वक्ता होंगे, लेकिन इस आमसभा में इस विधानसभा क्षेत्र से पूर्व में विधायक रह चुके प्रहलाद गुंजल को स्थानीय पार्टी नेतृत्व ने आमंत्रित करना तक उचित नहीं समझा। जबकि इस क्षेत्र में आज भी प्रहलाद गुंजल का अपना राजनीतिक अस्तित्व है और वे अकसर यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेते आए हैं। हालांकि बाद में उन्होंने कोटा उत्तर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधित्व किया।

prahlad gunjal
प्रहलाद गुंजल

प्रहलाद गुंजल वर्ष 2003 में कोटा जिले की रामगंजमंडी विधानसभा सीट से पहली बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर भारी मतों से चुनाव जीते थे। हालांकि उसके बाद उन्हें इस विधानसभा क्षेत्र से पार्टी ने दोबारा टिकट नहीं दिया, लेकिन वे आज भी इस विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के लोकप्रिय नेता हैं, लेकिन इसके बावजूद अब जबकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को कोसने के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस विधानसभा क्षेत्र की जन आक्रोश आमसभा का आयोजन किया जा रहा है तो उसमें प्रहलाद गुंजल को ही आमंत्रित नहीं किया गया जबकि कोटा जिले की एक अन्य विधानसभा सीट से पूर्व में रहे विधायक को इस जन आक्रोश आमसभा में आमंत्रित किया गया है।
इस बारे में पूछे जाने पर प्रहलाद गुंजल ने कहा कि यह उनकी उपेक्षा नही है, कार्यकर्ताओं के बीच उन्हें कोई उपेक्षित कर भी नहीं सकता। उन्होंने नहीं बुलाया तो नहीं जाएंगे। बिना बुलाए तो जाने का सवाल ही नहीं।
इस बीच विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक मदन दिलावर की ओर से जारी की गई विज्ञप्ति के अनुसार प्रदेश में आयोजित की जा रही जन आक्रोश आम सभा के क्रम में रामगंजमण्डी विधानसभा क्षैत्र के भाजपा की जन आक्रोश आम सभा 28 दिसम्बर को दोपहर दो बजे खडे गणेश जी रोड पर धरणीधर गार्डनमें आयोजित होगी।

madan dilawar
मदन दिलावर

भाजपा के प्रदेश महामंत्री दिलावर ने बताया कि आम सभा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है एवं सभा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। राजस्थान विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ कार्यक्रम को मुख्य वक्ता के रूप मे सम्बोधित करेंगे। कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रदेश महामंत्री मदन दिलावर होंगे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष ओम प्रकाश भडाना तथा सांगोद के पूर्व विधायक एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हीरालाल नागर होंगे। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, सभी जनप्रतिनिधि एवं मोर्चो के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी शामिल होंगे। सभा में बडी संख्या में विधानसभा क्षैत्र के गणमान्य नागरिक व आमजन उपस्थित रहेंगे।

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments