नई दिल्ली। भारत और चीन के सैनिंकों के बीच झडप की सूचना है। अरुणाचल प्रदेश के तवांग के यांग्त्से में चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के साथ झड़प में दोनों पक्ष के सैनिक घायल हुए हैं। चीनी पक्ष के सैनिक भारतीय पक्ष की तुलना में बहुत अधिक घायल हुए हैं। यह झडप नौ दिसंबर को हुई बताई गई है। तवांग में चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी एलएसी तक पहुंचना चाह रही थी। चीनी सैनिकों के इस कदम का वहा तैनात भारतीय सैनिकों ने दृढ़ता और ताकत के साथ विरोध किया। इस दौरान दोनों सेनाओं के बीच झड़प भी हुई। इस झड़प में दोनों देशों की सेनाओं के कुछ जवान जख्मी हुए हैं। हालांकि भारत के जवानों ने एलएसी तक पहुंचने की कोशिश कर रहे चीनी सैनिकों को पीछे धकेल दिया। भारत के छह जवानों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। लेकिन घायल चीनी सैनिकों की संख्या 40 से अधिक बताई गई है।
इस झडप में किसी सैनिक की मृत्यु होने की रिपोर्ट नहीं है। यह झड़प एलएसी के उस हिस्से में हुई, जिस पर चीन बेजा दावा करता है। सूत्रों के अनुसार, इस झड़प में घायल कुछ भारतीय सैनिकों का इलाज गुवाहाटी के एक अस्पताल में किया जा रहा है। घटना के समय करीब 600 चीनी सैनिक मौजूद थे। 9 दिसंबर को जो झड़प हुई है, उससे पहले इसी तरह की घटना 15 जून 2020 को हुई थी। वह घटना लद्दाख की गलवान घाटी में हुई थी। तब पीपल्स लिबरेशन आर्मी के साथ झड़प में 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे और कई अन्य घायल हुए थे। चीनी सेना के कहीं ज्यादा सैनिकों की मौत हुई थी।