
नई दिल्ली। नये साल के जश्न में डूबी देश की राजधानी में कार सवार पांच युवकों ने एक युवती को कई किलोमीटर तक कार से घसीटा। लड़की की मौत हो गई। पुलिस को युवती का क्षत विक्षत शव मिला है। उसके कपड़े भी कई जगहों से फटे हुए हैं। वहीं पुलिस ने कार सवार आरोपियों को गिरफ्तार कर कार को जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, युवती का निर्वस्त्र हालत में शव बरामद हुआ। यह घटना शनिवार और रविवार की है। रात करीब 3 बजे पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली थी। जिसमें कॉल करने वाले ने कहा कि एक महिला का शव कार से घसीटा जा रहा था। कंझावला पुलिस स्टेशन की टीम द्वारा कॉलर से उसके मोबाइल नंबर पर लगातार संपर्क किया गया है, जिसके बाद कॉलर ने वाहन की पहचान ग्रे रंग के रूप में की। पुलिस ने तफ्तीश शुरू की गई तो पता चला करीब 23 साल की युवती एक स्कूटी से अपने घर वापस जा रही थी। तभी एक कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। जिसके बाद कार युवती को सुल्तानपुर पूरी से कंझावला इलाके तक घसीट कर ले गई। जिसमें युवती के सारे कपड़े शरीर से अलग हो गए और शरीर में काफी चोट आई। जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लड़के शराब के नशे में थे। वे मुरथल सोनीपत से वापस अपने घर मंगोलपुरी लौट रहे थे। उसी दौरान सुल्तानपुरी के पास युवती की स्कूटी से एक्सीडेंट हो गया, जिसके बाद युवती कार के नीचे फंस गई। आरोपी लड़के करीब 13 किलोमीटर दूर तक इसको घसीटते रहे। कंझावला के जोंटी गांव के पास एक राहगीर ने युवती की लाश को कार के नीचे फंसे हुए देखा और कॉल की और पुलिस को इस हादसे की जानकारी दी.
युवती अपने घर में कमाने वाली अकेली सदस्य थी। परिवार मे दो छोटे भाई बहन है. जहां पिता की मौत हो चुकी है और मां बीमार रहती है। वह देर रात को एक प्राइवेट फंक्शन में वेलकम गर्ल का काम करके वापस लौट रही थी। तभी उसके साथ यह हादसा हुआ।