
नई दिल्ली। हिन्दू देवी देवताओं की पूजा के बारे में बयान देकर विवादों में फंसे दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने दिल्ली मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। राजेन्द्र पाल का शुक्रवार को बौद्ध धर्म में ग्रहण कराने के एक कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद यह घटनाक्रम हुआ है। भाजपा ने इस कार्यक्रम को लेकर तीखी आलोचना की थी। भाजपा ने आरोप लगाया था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी हिंदुओं से नफरत करती है। भाजपा ने गौतम के इस्तीफे की मांग की थी। वीडियो के अनुसार गौतम ने कार्यक्रम में कहा था कि उन्हें संविधान के अनुसार अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है। आम आदमी पार्टी और दिल्ली सरकार दोनों ने इस आयोजन या भाजपा की मांगों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी।
इस्तीफा देने के बाद राजेन्द्र पाल गौतम ने ट्वीट किया कि आज महर्षि वाल्मीकि जी का प्रकटोत्सव दिवस है एवं दूसरी ओर मान्यवर कांशीराम साहेब की पुण्यतिथि भी है। ऐसे संयोग में आज मैं कई बंधनों से मुक्त हुआ और आज मेरा नया जन्म हुआ है। अब मैं और अधिक मज़बूती से समाज पर होने वाले अत्याचारों व अधिकारों की लड़ाई को बिना किसी बंधन के जारी रखूँगा। इस बीच उत्तर पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन में रविवार को विभिन्न हिंदू समूहों की एक बैठक पुलिस जांच के दायरे में है। इसमें हेट स्पीच दिए जाने की शिकायतें हैं। विराट हिंदू सभा की ओर से आयोजित बैठक में पश्चिमी दिल्ली से भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा भी शामिल हुए थे।