राहुल के स्वागत की तैयारियां अंतिम दौर में, सोनिया का रहेगा इंतजार

राहुल गांधी मध्य प्रदेश में अपनी भारत जोड़ो यात्रा को पूर्ण कर आज देर शाम तक किसी भी समय मध्य प्रदेश के सोयत की सीमा से राजस्थान में झालावाड़ जिले के चंवली के रास्ते प्रवेश करेंगे जहां उनके रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राहुल गांधी के स्वागत के लिए आज चंवली पहुंच रहे हैं

-कृष्ण बलदेव हाडा-

kbs hada
कृष्ण बलदेव हाडा

कोटा। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के झालावाड़ जिले के रास्ते राजस्थान में प्रवेश के समय जोरदार स्वागत की और उसके बाद करीब एक सप्ताह के कोटा संभाग में प्रवास की तैयारियां आज अंतिम चरण में है। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी आज शाम तक या कल सुबह विशेष विमान से कोटा पहुंच सकती हैं। इस बीच भारत जोड़ो यात्रा की अंतिम तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज दोपहर यहां पहुंच रहे हैं।कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मध्य प्रदेश में अपनी भारत जोड़ो यात्रा को पूर्ण कर आज देर शाम तक किसी भी समय मध्य प्रदेश के सोयत की सीमा से राजस्थान में झालावाड़ जिले के चंवली के रास्ते प्रवेश करेंगे जहां उनके रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राहुल गांधी के स्वागत के लिए आज चंवली पहुंच रहे हैं जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पहले से ही यात्रा की तैयारियों पर निगाह रखने के लिए झालावाड़ में मौजूद है और उन्हें ही भारत जोड़ो यात्रा का ध्वज मेजबान के रूप में ग्रहण करना भी है।

गहलोत विशेष विमान से आएंगे

अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार भारत जोड़ो यात्रा के अंतिम तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज दोपहर करीब एक बजे जयपुर से विशेष विमान से कोटा आएंगे और यहां से बाद में वे झालावाड़ के लिए प्रस्थान कर जाएंगी। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने श्री गहलोत के आज के कोटा दौरे की पुष्टि की। शहर कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र त्यागी ने बताया कि कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी के कोटा आकर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के अंतिम कार्यक्रम की सूचना की अभी भी प्रतीक्षा की जा रही है। बहुत संभव है कि इस बारे में आज दोपहर तक अंतिम निर्णय लिया जाएगा। पूरी उम्मीद जताई जा रही है कि श्रीमती गांधी 9 दिसम्बर को अपना जन्मदिन भारत जोड़ो यात्रा गांधी में अपने पुत्र राहुल गांधी के साथ सम्मिलित होकर मनाए।

राहुल जगपुरा के नजदीक करेंगे रात्रि विश्राम

राहुल गांधी 8 दिसंबर की रात कोटा-झालावाड़ मार्ग पर जगपुरा के नजदीक रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन सुबह जगपुरा से रवाना होकर कोटा में दोपहर के भोज के बाद नॉर्दन बाईपास से गुजरकर बूंदी जिले में प्रवेश करेंगे और केशवरायपाटन के नजदीक गुड़ली रेल फाटक पर उनका रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। उसके बाद अगले दिन में वे आगे के लिए प्रस्थान करेंगे बूंदी जिले में उनकी यात्रा का प्रवास दो दिन तक रहेगा। उसके बाद में यात्रा सवाई माधोपुर जिले में प्रवेश कर जाएगी। जानकारों ने बताया कि यदि श्रीमती सोनिया गांधी कोटा आई तो वे 9 दिसंबर की सुबह राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में जगपुरा से कोटा के लिए रवाना होंगी।

गहलोत और डोटासरा करेंगे राहुल की अगवानी

इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भारत जोड़ो यात्रा के सिलसिले में आज भी झालावाड़ ही बने हुए हैं और सारी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रख रहे है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आज दोपहर कोटा पहुंचने और वहां से झालावाड़ आने के बाद के बाद वह भी उनके साथ चवली पहुंचेंगे और संभवत शाम को मध्यप्रदेश के सोयत से जब राजस्थान के चंवली में राहुल गांधी की यात्रा प्रवेश करेगी तो दोनों नेता अन्य कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के साथ उनकी अगवानी करेंगे। कोटा शहर कांग्रेस अध्यक्ष व कोटा में इस यात्रा के प्रभारी रविन्द्र त्यागी ने बताया कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का भी कोटा आने का कार्यक्रम बन रहा है और संभवत चंवली में श्री गांधी की यात्रा की प्रवेश के समय वे श्री गहलोत के साथ मध्य प्रदेश-राजस्थान की सीमा पर उपस्थित रह सकते हैं लेकिन अभी इस बारे में अंतिम कार्यक्रम मिलने की प्रतीक्षा की जा रही।

पहचान पत्र वालों को ही होगी राहुल के पास पहुंचने की अनुमति

कन्याकुमारी से शुरू हुई 2300 किलोमीटर की राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के लिए की गई तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के तहत चंवली से राजस्थान की सीमा में आने के बाद श्री गांधी और उनके काफिले की सुरक्षा व्यवस्था का भार केंद्रीय बलों सहित राजस्थान पुलिस पर आ जाएगा और इसके लिए कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी झालावाड़ और चंवली में पड़ाव डाले हैं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का पर लगातार कड़ी निगाह रखे हुए हैं। तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था में एक घेरा राजस्थान की पुलिस का भी होगा और यात्रा के समय राहुल गांधी के नजदीक भी राज्य के कुछ युवा व साथ ही अनुभवी पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे जिन्हें पिछले करीब एक सप्ताह से भी अधिक समय से यात्रा में चलने के लिए प्रशिक्षित भी किया गया है और राहुल गांधी के आसपास पहले से तयशुदा पुलिस अधिकारी ही चलेंगे। उनकी नजदीकी सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्र के विशेष सुरक्षा अधिकारियों पर रहेगी। यात्रा के दौरान पैदल चलते समय श्री गांधी के पास केवल उन्हीं लोगों को पहुंचने की अनुमति होगी जिन्हें आमंत्रण के तहत सुरक्षा एजेंसियों के क्लीयरेंस के बाद विधिवत तरीके से पहचान पत्र देकर आमंत्रित किया जाएगा।

भोजन में स्थानीय व्यंजन शामिल किए जाएंगे

झालावाड़ और कोटा जिले में एतिहातन राष्ट्रीय राजमार्ग-52 के आसपास की होटलों में ठहरने वाले यात्रियों के बारे में पुलिस नियमित रूप से जांच कर रही है और कुछ स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से जवानों को भी तैनात किया जाना है जिनमें सशस्त्र पुलिस जवान भी शामिल होंगे। राहुल गांधी के झालावाड़ जिले में प्रवेश के बाद से खुफिया तंत्र को हाई अलर्ट मोड़ पर रखा गया है और पूरी व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए जयपुर से भी अधिकारियों को यहां भेजा गया है। भारत जोड़ो यात्रा के चंवली में प्रवेश के बाद राहुल गांधी राजस्थान में अपनी पहली रात वही बिताएंगे। और तय प्रोटोकॉल के तहत यहां पर श्री गांधी की रहने और उनके भोजन की प्रबंध भी अलग से ही किए गए हैं। उनके लिए वातानूकिलित टेंटो का समूह होगा जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे और उनके बिल्कुल नजदीकी कड़े सुरक्षा प्रबंध रहेंगे। कल सुबह उनके नाश्ते से लेकर बाद में दोपहर में 11 से 12 बजे के बीच भोजन का भी प्रबंध अलग से किया जाएगा जिनमें भोजन बनाने वाले लोग भी अलग से ही होंगे। भोजन में स्थानीय व्यंजनों को शामिल किया जा सकता है। हालांकि बताया जा रहा है कि यात्रा के साथ चल रहे हैं।

हल्का-फुल्का भोजन प्राथमिकता

यात्रियों के भोजन के मीनू में राजस्थान की जाने-माने रेसिपी दाल-बाटी-चूरमा को शामिल किया जा सकता है लेकिन आमतौर पर इस यात्रा नियमित रूप से साथ चल रहे लगभग यात्री गरिष्ठ भोजन के सेवन से बचते हैं और हल्का-फुल्का भोजन ही उनकी प्राथमिकता होता है ताकि निरंतर पैदल चलते रहने में कोई शारीरिक दिक्कत नहीं आये। चंवली के पास जिस स्थान पर राहुल गांधी का काफिला अपना पड़ाव डालेगा, वहांबड़े पैमाने पर टेंट लगाकर आवास की व्यवस्था की गई है जिसमें उनके साथ चल रहे यात्रियों सहित प्रदेश के नए सम्मिलित होने वाले यात्री भी शामिल होंगे और कुछ विशिष्ट यात्री भी यहां रात्रि विश्राम कर सकते हैं, जिनकी भी जिनके ठहरने की पृथक से वीआईपी स्तर की आवास व्यवस्था की गई । ऎसे सभी लोग पहले से सूचीबद्ध है। एक मोटे अनुमान के अनुसार कम से कम आठ लोगों के आसपास लोगों के रहने की व्यवस्था की गई है। पूर्व में तय की गई जिम्मेदारी के तहत आवास के लिए टेंट लगाने की व्यवस्था का सारा जिम्मा राज्य के राजस्व मंत्री रामलाल जाट को सौंपा हुआ है जो मौके पर ही बने हुए हैं।

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments