-दुष्यन्त सिंह गहलोत-
कोटा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर मंगलवार को कानून व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा हुई। राजस्थान पुलिस ने दूसरे प्रदेशों में भारत जोड़ो यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की स्टडी की है और उसको जांचा परखा है। उसी के अनुसार वहां से बेहतर व्यवस्था हो, यह सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई। यात्रा के दौरान सुरक्षा चाक-चौबंद रहेगी।
डीजीपी उमेश मिश्रा ने कोटा में रेंज स्तरीय पुलिस अधिकारियों की बैठक में भारत जोड़ो यात्रा को लेकर चर्चा की। बैठक में एडीजी रवि प्रकाश व आईजी प्रसन्न खमेसरा समेत कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ के एसपी मौजूद रहे। बैठक में कानून व्यवस्था की स्थिति व भारत जोड़ों यात्रा को लेकर सुरक्षा के इंतजाम पर चर्चा हुई। मीडिया से बातचीत में डीजीपी उमेश मिश्रा ने कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में राजस्थान में लॉ एंड ऑर्डर बेहतर है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को लेकर पुलिस पूरी तरह सजग है। महिला अपराध के मामले ज्यादा बढ़े या मुकदमों में बढ़ोतरी हुई, सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा की अगर अवेयरनेस बढ़ेगी तो रजिस्ट्रेशन बढ़ेगा और बढ़ना भी चाहिए। कोई घटना होती है तो महिला छुपाए क्यों? वह खुलकर आएं और बताएं। वह तभी होगा जब रजिस्ट्रेशन खुलकर होगा। प्रदेश में रजिस्ट्रेशन बढ़ना कोई इशू नहीं है। हम लोगों का जोर है कि अनुसंधान जल्द से जल्द हो, दोषी के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया जाए। उसको सजा मिले। उसमें हमें सफलता भी मिली है। कई जिलों में आरोपियों को मृत्युदंड और आजीवन कारावास की सजा मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चाकूबाजी व महिला अपराध की दर में भी कमी आई है।
प्रदेश में बढ़ते साइबर क्राइम पर उन्होंने कहां कि साइबर क्राइम को लेकर पब्लिक व पुलिस को अलर्ट होना होगा। ठगी के मूल में लालच होता है। लोगों को अलर्ट रहने की जरूरत है,पुलिस भी तुरंत एक्शन लेती है। ये लंबी चलने वाली प्रक्रिया है। क्योंकि पुलिसकर्मी तकनीकी रूप से अभी भी इतने दक्ष नहीं है। हर जिले में थाना भी खोल दिया है। उसमें स्टाफ लगेगा। वह कितना दक्ष होगा, उसमें टाइम लगेगा। पूरे राज्य का ग्रुप बनाया है। जो बाकी जिलों को ट्रेंड कर सकेगा। जिलों के जटिल केस पर जयपुर में एक्सपर्ट की मदद से वर्कआउट कराया जाएगा। एक लंबी प्रक्रिया है। इसमें समय लगेगा। डीजीपी ने कहा कि कोटा संभाग में अपराध चेलेंज हैं, उयके कई आयाम हैं। कोटा रेंज का रिकवरी प्रतिशत बहुत अच्छा है। समग्रता में अच्छा काम हो रहा है। अपराध की स्थिति नियंत्रण में है। रेंज की क्राइम मीटिंग में अपराध को कम करने में और क्या कदम उठाए जाएं, क्या प्लानिंग की जाए उसको लेकर चर्चा की।