सेवाओं में विस्तार करेगा अपनाघर, बढ़ेगी आत्मनिर्भरता

- अपनाघर आश्रम में मनाया दीपोत्सव

apna

कोटा. पॉलीटेक्निक कॉलेज स्थित अपनाघर आश्रम में दीपोत्सव मनाया गया। यहां निवासरत निराश्रित महिला-पुरुषों (प्रभुजी) ने इस अवसर पर फुलझड़ियां रोशन की और सभी को हैप्पी दिवाली कहा। यहां अपनाघर आश्रम में कार्यरत कर्मचारियों को मिठाई वितरित की गई। शुरुआत भारत मां की पूजा-अर्चना के साथ हुई। मुख्य अतिथि संस्थापक सदस्य डॉ.माधुरी भारद्वाज रहीं। वहीं कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा व संभागीय आयुक्त दीपक नंदी, समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक ओमप्रकाश तोषनीवाल विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए आश्रम की संस्थापक सदस्य डॉ.माधुरी भारद्वाज ने कहा कि अपनाघर अपने संकल्प की पूर्ति के लिए निरन्तर प्रयासरत है। भरतपुर में अपनाघर आश्रम विशाल रूप में बन रहा है। यहां आने वाले दिनों में 54 तरह की विशेष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। इस कैम्पस में 8500 मानसिक विमंदित प्रभुजी रह सकेंगे। इस नवीन परिसर में आवासीय सुविधाओं के साथ-साथ मनोरंजन के लिए 175 सीटों वाला थियेटर भी तैयार किया गया है। इसके साथ ही एक ऐसा बाजार भी तैयार किया गया है, जहां निश्चित राशि का टोकन प्राप्त कर प्रभु जी अपनी मर्जी से वस्तु खरीद सकेंगे, ये टोकन अपनाघर द्वारा ही उन्हें दिया जाएगा, जिससे वे खुश रह सकें, अपना काम करना सीख सकें।

sa
कार्यक्रम में विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि सच्चे अर्थों में सेवा अपनाघर में ही हो रही है। ऐसे लोग जो परिवार और समाज द्वारा तिरस्कृत कर दिए गए हैं, उन्हें संस्था द्वारा अपनाया जाता है। अपनाघर नाम को यह सेवा सार्थक कर रही है। मुझे पूरा विश्वास है यह सेवा लोगों में सरोकार जागृत करेगी और वे मदद के लिए निरन्तर आगे आते रहेंगे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए संभागीय आयुक्त दीपक नंदी ने कहा कि अपनाघर आश्रम की सेवाओं की जितनी सराहना की जाए उतनी कम है। मैंने अपनाघर की सेवाओं को बहुत नजदीक से देखा है और इसके बाद ही विशेष निवेदन कर कोटा में इस कार्य के विस्तार के लिए कहा, जो लोग इस सेवा से जुड़े हैं वे भी सच्ची सेवा कर रहे हैं।
गतिविधियों की जानकारी दी
इस अवसर पर कोटा अपनाघर समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार ने स्वागत उद्बोधन दिया। वित्त सचिव नीरज श्रृंगी ने वित्तीय लेखा जोखा प्रस्तुत किया। संरक्षक राजेश शर्मा ने अपनाघर आश्रम की गतिविधियों की जानकारी दी। अंत में हेमलता श्रृंगी के जन्मदिन के अवसर पर सभी को दिवाली उपहार व मिठाई वितरित की गई। अंत में राजकुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments