सोनिया गांधी का जन्म दिन आज, पूरा परिवार रणथंम्भोर में जुटेगा

श्रीमती सोनिया गांधी के जन्मदिन के मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान के नवनियुक्त प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सचिन पायलट के भी रणथंम्भोर पहुंचने की उम्मीद है

-कृष्ण बलदेव हाडा-

कोटा। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी कल 9 दिसम्बर को सवाई माधोपुर के नेशनल पार्क में अपना जन्मदिन मनाएंगी जिसमें शामिल होने के लिए राहुल गांधी भी आज कोटा से हैलीकॉप्टर से सवाई माधोपुर पहुंच रहे हैं। इस मौके पर पूरा गांधी परिवार रणथंम्भोर में जुटेगा।
श्रीमती सोनिया गांधी अपनी चार दिन की राजस्थान यात्रा के लिए आज विमान से नई दिल्ली से जयपुर पहुंची और वहां से हेलीकॉप्टर से सवाई माधोपुर के लिए रवाना हो गई जहां वे कल अपना जन्मदिन मनाएंगी। इस अवसर पर राहुल गांधी के अलावा उनकी पुत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रही श्रीमती प्रियंका गांधी के भी कल सुबह अपने बच्चों के साथ सवाई माधोपुर आने की संभावना जताई जा रही है।
इसके अलावा कल श्रीमती सोनिया गांधी के जन्मदिन के मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान के नवनियुक्त प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सचिन पायलट के भी रणथंम्भोर पहुंचने की उम्मीद है।
श्रीमती गांधी, राहुल गांधी इस अवसर पर अन्य नेताओं से राजनीतिक मसलों पर भी चर्चा कर सकते हैं जिनमें राजेश गुजरात और हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के गुरूवार की घोषित नतीजे भी शामिल होंगे। इन चुनावों में गुजरात में कांग्रेस को करारी हार मिली है जबकि हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से कांग्रेस अपनी सरकार बनाने जा रही है।
श्रीमती गांधी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए भी 10 दिसम्बर को कोटा आ सकती हैं। कल के विराम के बाद श्री राहुल गांधी 10 दिसम्बर को बूंदी जिले में गुडली फ़ाटक से अपनी भारत जोड़ो यात्रा को शुरू करेंगे जिसमें श्रीमती सोनिया गांधी के भी सम्मिलित होने के आसार हैं। श्रीमती गांधी 11 दिसंबर को जयपुर से इंडिगो विमान की फ्लाइट से वापस नई दिल्ली लौटने वाली है।

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments