
-दुष्यन्त सिंह गहलोत-
कोटा। शहर के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान एक मजदूर करंट की चपेट में आ गया। साथी मजदूर उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। विष्णु (30) नारायणगंज खिलचीपुर,जिला राजगढ़ एमपी का निवासी था। विष्णु ठेकेदारी का भी काम करता था। और साइट पर ही सो जाता था। पुलिस ने शव को एमबीएस की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।
विष्णु के दूर के रिश्ते में जीजा श्रीलाल ने बताया कि घटना सुबह 11 बजे के आसपास की है। देवली अरब रोड़ 120 फीट के पास जयश्री विहार में सड़क निर्माण का काम चल रहा था। वहां विष्णु समेत 10 से 15 मजदूर काम कर रहे थे। विष्णु मशीन से गिट्टी सीमेंट को लेवल कर रहा था। मशीन का जनरेटर से कनेक्शन हो रखा था। मशीन चलाते चलाते अचानक उसके करंट लग गया। और वो नीचे गिर गया। साथी मजदूर उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल लेकर आए। जबतक उसकी धड़कन चालू थी। बाद में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। श्रीलाल ने बताया कि दो भाइयों में विष्णु छोटा था। दीपावली से पहले मजदूरी के लिए कोटा आया था। वो छोटे छोटे ठेके लेता था। उसके पास लेबर भी काम करती थी। उसने पेटी पर काम ले रखा था।
एमबीएस हॉस्पिटल में चैकी प्रभारी एसआई नवल किशोर ने बताया कि मशीन से बिजली का करंट लगने पर युवक घायल हुआ था जिसे इलाज के लिए साथी मजदूर हॉस्पिटल लाए थे। उसकी मौत हो गई है। बोरखेड़ा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी है। मामले की जांच की जा रही है।