
-कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा। राजस्थान में कोटा जिले के सांगोद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक भरत सिंह कुंदनपुर में आज राज्य सरकार से किसानों को सिंचाई के लिए कम से कम आठ घंटे बिजली देने की मांग की है। श्री भरत सिंह ने आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को एक पत्र भेजकर कहा कि वर्तमान में किसानों को केवल पांच घंटे ही थ्री-फेज बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है जो किसानों के लिये सिंचाई की दृष्टि से अपर्याप्त है। इसे बढ़ाकर कम से कम आठ घंटे किया जाना चाहिए ताकि किसान अपनी आने वाली फसल रबी के लिए सिंचाई का पुख्ता प्रबंध कर सके।
श्री भरत सिंह ने इस बात पर खेद व्यक्त किया कि जब भी प्रदेश में किसी वजह से बिजली का संकट उत्पन्न होता है और आपूर्ति में कमी आती है तो सरकारों के निशाने तो हमेशा कृषि क्षेत्र ही रहता है और वहां विद्युत आपूर्ति में कटौती कर दी जाती है जबकि रबी और खरीफ की कृषि सत्र में किसानों के उनकी आवश्यकता के अनुरूप विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित किया जाना बहुत ही आवश्यक है। बिजली संकट के समय ग्रामीण क्षेत्र को ही निशाना बनाने के बजाय शहरी क्षेत्र में भी निर्धारित समय तक विद्युत आपूर्ति में कटौती की जा सकती है ताकि कृषि क्षेत्र के लिए विद्युत आपूर्ति को सुनिश्चित किया जा सके।