कोटा के वरिष्ठ पत्रकार रजत खन्ना का निधन

-कृष्ण बलदेव हाडा-

कोटा। राजस्थान में कोटा के वरिष्ठ पत्रकार रजत खन्ना का आज किशोरपुरा स्थित मुक्तिधाम में धार्मिक रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार से पहले श्री खन्ना की इच्छा के अनुरूप उनका नेत्रदान प्राप्त किया गया। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण में गहरी रुचि रखने वाले श्री खन्ना की इच्छा के मुताबिक उनका किशोरपुरा स्थित विद्युत शवदाह गृह में अंतिम संस्कार किया।
श्री खन्ना को कल रात करीब 10 बजे सोते समय दिल का दौरा पड़ा था। परिवारजन उन्हें लेकर एक निजी अस्पताल में पहुंचे जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। वे 57 वर्ष के थे।
श्री खन्ना वर्तमान में कोटा के प्रमुख न्यूज़ चौनल एसटीएन के संपादक थे। इसके पहले वे कोटा में पंजाब केसरी के संवाददाता सहित राजस्थान पत्रिका और दैनिक भास्कर में काम कर चुके हैं। उनकी अंत्येष्टि में राजस्थान खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता, नगर निगम (दक्षिण) के महापौर राजीव अग्रवाल सहित अनेक पत्रकारों और राजनीतिज्ञों ने भाग लिया और रजत खन्ना के निधन पर शोक व्यक्त भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

पंजाबी समाज कोटा जंक्शन ने जताया शोक

वरिष्ठ पत्रकार श्री रजत खन्ना के आकस्मिक निधन की खबर पर पंजाबी समाज कोटा जंक्शन में शोक की लहर दौड़ गई। समाज के मीडिया प्रभारी पीके आहूजा ने बताया कि रजत खन्ना समाज और जन सेवा में हमेशा तत्पर रहते थे। वह गत 30 वर्षों से मीडिया से जुड़े हुए थे। समाज अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सचदेवा ने समाज की और से खन्ना के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया और भावपूर्ण श्रधांजलि दी। सचदेवा ने बताया कि खन्ना जी का निधन समाज के लिए बहुत बड़ी क्षति है। इस दुख की घड़ी में समस्त पंजाबी समाज कोटा जंक्शन के सभी सदस्य ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों मे स्थान दे और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments