
-कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा। सरदार वल्लभ भाई पटेल का जन्म दिवस 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला कलक्टर ओपी बुनकर ने विभिन्न गतिविधियों के आयोजन को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
कलक्टर ने बताया कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष में जिले भर में प्रातः 7 से 8 बजे तक यूनिटी रन का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर किशोर सागर तालाब बारादरी से सेवन वंडर्स तक एकता दौड़ का आयोजन होगा।
पूर्वान्ह 11 बजे सभी कार्यालयों में राष्ट्रीय एकता शपथ दिलाई जाएगी। केंद्रीय कारागृह में राष्ट्रीय एकता पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।अपराहन 4:30 बजे शहीद स्मारक पर आरएसी,होमगार्ड दलों द्वारा पुलिस बैंड के साथ मार्च पास्ट किया जाएगा।
जिला कलेक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों को भी उक्त गतिविधियां उपखंड क्षेत्र में आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं। गतिविधियों को प्रभावी तरीके से आयोजित कराने एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
फिट कोटा- स्मार्ट कोटा” दौड़ आज
……………………………..
कोटा स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तत्वावधान में ‘फिट कोटा-स्मार्ट कोटा’ दौड़ का आयोजन 30 अक्टूबर को सुबह 6.30 बजे किया जाएगा। कोटा स्मार्ट सिटी की वित्तीय सलाहकार डॉ. विधि शर्मा ने बताया कि यह दौड़ सुबह 6.30 बजे उम्मेद क्लब से आरंभ होगी। जिला कलक्टर ओ पी बुनकर दौड़ का शुभारंभ करेंगे। यह दौड़ पांच किलोमीटर की होगी। इच्छुक व्यक्ति पंजीकरण करा सकते हैं और भाग ले सकते हैं। सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को कैप, मेडल एवं रिफ्रेशमेंट दिया जाएगा। रिपोर्टिंग टाइम प्रातः 6 बजे रखा गया है।