
-वाटर स्पोर्ट्स, हेरिटेज-नेचर वॉक भी होंगे महत्वपूर्ण आकर्षण
-3 से 5 फरवरी तक आयोजित होगा कोटा महोत्सव
-कृष्ण बलदेव हाडा-

कोटा। राजस्थान में कोटा को न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन की दृष्टि से अपनी अलग पहचान दिलाने के लिए कोटा महोत्सव का इस बार 3 से 5 फरवरी तक पूरी धूमधाम से आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान न केवल हाडोती अंचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भरपूर झलक पर्यटकों को दिखाई जाएगी बल्कि अजस्र जल स्त्रोत के रूप में उपलब्ध चम्बल नदी में वाटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियां का आयोजन करके देशी-विदेशी पर्यटकों को लुभाया जाएगा। नेचर-हेरिटेज वॉक भी इस महोत्सव के महत्वपूर्ण आकर्षण होंगे ताकि लोग ऐतिहासिक धरोहर से समृद्ध इस अंचल की विरासत के बारे में जान सकें। इन सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अपनी तरह का यह अनूठा आयोजन कोटा में पहली बार आयोजित किया जा रहा है जिससे यहां के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण-संवर्धन से जुड़े लोगों को भी जिला प्रशासन ने जोड़ने की कोशिश की है ताकि अधिक से अधिकतम नवीनता और नैसर्गिक! जुड़ाव इस आयोजन में नजर आ सके। कोटा में पहली बार बड़े स्तर पर पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए आयोजित किए जा रहे कोटा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर ओपी बुनकर की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई जिसमें 3 से 5 फरवरी तक तीन दिवसीय महोत्सव में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को अन्तिम रूप दिया गया।

श्री बुनकर ने कहा कि कोटा को पर्यटन मानचित्र पर अन्तर्राष्ट्रीय पर पहचान बनाने के लिए ऐतिहासिक स्थलों, ईको-टूरिज्म, वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों एवं सांस्कृतिक परम्पराओं को राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय पर पहुंचाने के लिए कोटा महोत्सव कारगर साबित होगा। कोटा में पिछले चार वर्षों में हुए विकास कार्य पर्यटकों के नए स्थल के रूप में राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाए इसके लिए पर्यटक गतिविधियां प्रतिवर्ष होने से देश-विदेश के पर्यटक आएंगे। उन्होंने कहा कि हाडोती की संस्कृति, मेले, लोक नृत्य तथा ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटकों के सामने प्रस्तुत करने के लिए यह आयोजन जन भागीदारी से किया जाए जिससे अधिक से अधिक लोग जुड़ सकें। बैठक में तय किया गया है कि उद्घाटन समारोह से लेकर समापन तक प्रत्येक कार्यक्रम में विभागवार जिम्मेदारी तय की जाएगी जिसमें विभागीय स्तर पर तैयारियां के साथ आम लोगों को भी अधिक से अधिक जुड़ाव रखा जाए।

श्री बुनकर ने कोटा महोत्सव में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों, चम्बल बायेडायवर्सिटी, फ्लॉवर शो, फोटो प्रदर्शनी जैसे आयोजन को भी समावेश कर प्रत्येक विधा के पर्यटक के अनुकूल गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। चूंकि एडवेंचर गतिविधियों के लिए यह क्षेत्र विख्यात रहा है, पर्यटकों को जोड़ने के लिए इनका भी अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए। अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) राजकुमार सिंह ने कहा कि सभी विभाग अभी से तैयारी करते हुए आयोजन को भव्य रूप में सफल बनाए। अतिरिक्त कलक्टर (शहर) बृजमोहन बैरवा ने हैरिटेज वॉक, नेचर वॉक जैसे आयोजनों में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का सुझाव दिया। आयुक्त नगर निगम उत्तर वासुदेव मालावत ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति में स्थानीय लोक कलाओं, लोक नृत्य एवं लोक गायन का समावेश किया गया है।
उप निदेशक पर्यटन विकास पांड्या ने कोटा महोत्सव तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उप वन संरक्षक बीजो जॉय ने चम्बल बायोडावर्सिटी के संबंध में सुझाव दिया। इन्टेक के जिला कन्वीनर निखलेश सेठी ने हैरिटेज वॉक में पारम्परिक हैरिटेज स्थलों का भी प्रदर्शन करने, महोत्सव में बॉलीवुड कलाकारों को बुलाने का सुझाव भी दिया। नेचर क्लब के एस जैदी, हाड़ौती नेचर क्लब के सर्वेश सिंह हाडा, फिल्म निर्देशक सुभाष सोरल सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सुझाव दिए।

पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए किए जा रहे कोटा महोत्सव में 3 फरवरी को प्रातः 10 बजे बम ढोल रसिया कलाकारों के दल एवं चकरी व सहरिया नृत्य के कलाकारों की प्रस्तुति के साथ उद्घाटन होगा जिसमें पहली बार सैकड़ों कलाकार एकसाथ प्रस्तुति देकर रिकॉर्ड बनाएंगे। इसमें साफा बांध प्रतियोगिता, दादा-पोता दौड़, रस्सा-कस्सी, मटका दौड़, मूंछ प्रतियोगिता तथा एडवेंचर गतिविधियां महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में आयोजित होंगी।
इसी दिवस किशोर सागर की पाल पर फ्लॉवर शो, आर्ट गैलेरी में फोटो प्रदर्शनी, रंगोली, मेहंदी एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित होंगी। उम्मेद क्लब मैदान में फूड फेस्टिवल, किशोर सागर में सांय 6.30 चम्बल आरती तथा उम्मेद सिंह स्टेडियम में सांय 7 बजे भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

4 फरवरी को अभेड़ा महल में प्रातः 8 बजे नेचर वॉक, महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में प्रातः 9 बजे एडवेंचर गतिविधियां, किशोर सागर तालाब में प्रातः 11 बजे आर्मी बैंड एवं आर्मी वाटर शो, किशोर सागर पाल पर फ्लॉवर शो, आर्ट गैलेरी में फोटो प्रदर्शनी, रंगोली, मेहंदी एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित होंगी। उम्मेद क्लब मैदान में फूड फेस्टिवल, किशोर सागर की पाल पर सांय 6 बजे कोटा डोरिया साड़ी का फैशन शो तथा महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी।
5 फरवरी को महात्मा गांधी स्कूल से गढ़ पैलेस तक हैरिटेज वॉक, किशोर सागर की पाल पर फ्लॉवर शो, आर्ट गैलेरी में फोटो प्रदर्शनी आयोजित होंगी। किशोर सागर की पाल पर सांय 4 बजे डोग शो तथा महाराव उम्मेद सिंह स्टेडयम सांय 7 बजे भव्य सांस्कृतिक संध्या व आतिशबाजी के साथ समापन होगा।
लम्बे अंतराल के बाद कोटा शहर में हाड़ौती महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है.इस आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय इतिहासविदों, कलाकारों, चित्रकारों,तथा सामाजिक गतिविधियों में रुचि रखने वालों को जोड़कर कार्यक्रम बनाना चाहिए अन्यथा यह आयोजन शासकीय बनकर रह। जायेगा.इसके अलावा हाड़ौती के आम नागरिकों को इस आयोजन में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया जाना लाजिमी है.