
कोटा। कोचिंग सिटी में गुरुवार को करवा चौथ का व्रत धूमधाम से मनाया गया। सुहागिनों ने चंद्रमा की पूजा अर्चना कर अपने पति की दीर्घायु की कामना की। रात करीब साढे आठ बजे चंद्रमा के दर्शन हुए। इसके बाद महिलाओं ने चंद्रमा को अर्घ्य दिया और पूजा और आरती की।

इससे पूर्व कोटा शहर के सर्राफा बाजार स्थित चौथ माता मंदिर तथा टीचर्स कॉलोनी स्थित चौथ माता मंदिर में दिन भर महिलाओं की दर्शन के लिए भीड लगी रही।

महिलाओं ने चौथ का व्रत कर अपने परिवार की खुशी और सम्पन्नता की कामना की। करवा चौथ को सबसे कठिन व्रतों में माना जाता है। इस दिन सुहागिनें अपने पति की दीर्घायु की कामना में दिन भर भूखी प्यासी रहकर ईश्वर से प्रार्थना करती हैं। दिन भर के पूजा पाठ के बाद रात को चंद्रमा निकलने पर उसकी पूजा और अर्चना करने के बाद व्रत खोलती हैं।

















