
-कृष्ण बलदेव हाडा-

कोटा। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि औद्योगिक और शिक्षा नगरी के रूप में अपनी पहचान रखने वाला कोटा शहर अब एक पर्यटन नगरी के रूप में भी अपनी नई पहचान कायम करेगा। कोटा में जिस बड़े पैमाने पर सौंदर्यकरण-विकास कार्य हुए हैं, उससे निश्चित रूप से कोटा एक प्रमुख पर्यटन नगरी के रूप में विकसित होगा।
राजस्थान के कोटा में आज 643.10 करोड़ रुपए के 21 विकास कार्यों का जयपुर से मुख्यमंत्री आवास से लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने कहा कि कोविड-19 की विषम परिस्थितियों के बावजूद योजनाबद्ध तरीके से विकास के अद्भूत कार्य हुए हैं। इससे औद्योगिक और शिक्षा नगर के रूप में पहचान स्थापित करने वाला शहर अब पर्यटन की दृष्टि से भी देश-विदेश में जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ आधुनिकता का समावेश कर निवेश की दृष्टि से भी शहर को आकर्षक बनाया गया है।
शहर का नया स्वरूप दिखेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के मुख्य मार्गों पर सजावटी रोशनी, चौराहों के हैरिटेज लुक और शहर के प्रवेश मार्गों पर फसाड़ कार्य पूरा होने से रात्रि के समय कोटा आने वाले नागरिकों को शहर का नया स्वरूप दिखेगा। यहां हैरिटेज संरक्षण, कला-संस्कृति, परम्परा, शौर्य, शांति और वास्तुशिल्प का अनूठा उदाहरण पेश किया गया है। पूरे शहर को ट्रैफिक सिग्नल फ्री बनाकर सुगम यातायात प्रबंधन करना और भारी बारिश के बावजूद अंडरपास में जलभराव नहीं होना, एक बड़ी उपलब्धि है।
पूरे देश के सामने एक सशक्त मिसाल पेश की
दीपावली से पूर्व कोटा निवासियों को ऐतिहासिक देते हुए श्री गहलोत ने कहा कि कोटा में विकास के एक नए युग की शुरूआत हुई है। नगर विकास न्यास ने अपने वित्तीय प्रबंधन और शहरी विकास के रूप में पूरे देश के सामने एक सशक्त मिसाल पेश की है। आज शहर को जो अनुपम स्वरूप निखर कर आया है, वह ऐतिहासिक और अतुलनीय है।
श्री गहलोत ने कहा कि राजस्थान जनकल्याणकारी योजनाओं में मॉडल स्टेट बन रहा है। यहां मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, इंदिरा रसोई योजना, महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना, उड़ान योजना, राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना सहित अनेकों योजनाओं से हर एक व्यक्ति लाभान्वित हो रहा है। किसानों और घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को बिलों में राहत मिली है। राज्य कर्मचारियों के लिए ओपीएस लागू की गई और सामाजिक सुरक्षा के तहत लगभग एक करोड़ लोगों को पेंशन दी जा रही है। इससे सभी वर्गों को सामाजिक और आर्थिक संबल मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री से राज्य की ऐसी योजनाओं को पूरे देश में लागू करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गत बजट में किसानों के लिए अलग से कृषि बजट प्रस्तुत किया गया। अब अगला बजट युवाओं और विद्यार्थियों को समर्पित होगा। इसके लिए प्रदेशवासी अपने सुझाव भेज सकते हैं।
ऐतिहासिक दिन
समारोह में नगरीय विकास, आवासन एवं स्वायत्त शासन मंत्री श्री शांति धारीवाल ने कहा कि कोटा के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। यहां 5 फ्लाईओवर, 3 अंडरपास सहित विभिन्न कार्यों से कोटा शहर ने पूरे देश में मॉडल स्थापित किया है। शहर वास्तुकला के लिए अपनी पहचान बनाएगा। जल्द ही चंबल रिवर फ्रंट के सौंदर्यकरण का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोटा में देशभर के 2 लाख विद्यार्थी कॉचिंग के लिए आते है ये एम्बेसेडर बनकर कोटा के पर्यटन को उंचाईयों तक पहुंचायेगे। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में लगातार नगर विकास न्यास के अधिकारियों एवं अभियंताओं द्वारा कार्य किया जा कर निर्धारित समय से पहले कम लागत में विकास कार्यों को अमली जामा पहनाया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय कोटा में पर्यटन एवं शहरी विास के नये कीर्तिमान के लिए जाना जायेगा।
चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि
कोटा के प्रभारी मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि कोटा में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। यहां अर्बन ट्रांस्फॉर्मेशन की बेहतरीन मिसाल देखने को मिली है। सड़कों और पार्कों के विकास के साथ अन्य कार्यों के लिए शहर ने पूरे देश में उदाहरण पेश किया है। मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा ने कहा कि गत 4 वर्षों से कोटा में 3500 करोड़ रूपये के कार्य कराए जा रहे हैं। विकास कार्यों में पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा गया है। समारोह में नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव कुंजीलाल मीणा एवं आर्किटेक्ट अनूप बरतरिया ने फोटोज व वीडियोज से विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास पर स्वायत्त शासन, नगरीय विकास विभाग और आवासन मंडल के सलाहकार जीएस संधू, विभाग के शासन सचिव डॉ. जोगाराम, नगर विकास न्यास, कोटा के विशेषाधिकारी आरडी मीणा और यूआईटी सभागार कोटा में जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारीगण और आमजन उपस्थित रहे।
13 स्थानों पर लाइव प्रसाारण
कोटा में समारोह का यूआईटी ऑडोटोरियम सहित 13 स्थानों पर लाइव प्रसाारण किया गया। ऑडोटोरिम में खादीबोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता, संभागीय आयुक्त दीपक नंदी, आईजी प्रसन्नकुमार खमेसरा, जिला कलक्टर ओपी बुनकर, पुलिस अधीक्षक शहर केसरसिंह, ग्रामीण कोवेन्द्रसिंह, महापौर उत्तर मंजू मेहरा, दक्षिण राजीव अग्रवाल, उप महापौर पवन मीणा, सोनू कुरैशी, यूआईटी सचिव राजेश जोशी, यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी, समाजसेवी अमित धारीवाल, डॉ. जफर मोहम्मद, शिवकांत नन्दवाना, गोविन्द शर्मा, देवा भड़क, किशोर मदनानी सहित बडी संख्या में जनप्रतिनिधि गण एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।